जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम हुई एक सनसनीखेज वारदात ने शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए। मुंशी मोहल्ला पोस्ट ऑफिस रोड स्थित मैदान के समीप अज्ञात हमलावरों ने युवक राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा की गोली मारकर हत्या कर दी। हमले में गोली चलाने के साथ-साथ धारदार हथियार और ईंट-पत्थरों से भी हमला किए जाने की बात सामने आई है।
गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए। एहतियात के तौर पर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।
घेरकर किया गया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल बुधवार शाम अपने कुछ साथियों के साथ मुंशी मोहल्ला मैदान के पास मौजूद था। इसी दौरान 10 से 15 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद हमलावरों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले उस पर कई राउंड फायरिंग की और बाद में धारदार हथियारों तथा ईंट-पत्थरों से हमला किया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि राहुल के साथ मौजूद लोग जान बचाकर वहां से भाग निकले।
यह भी पढ़ें – रांची-टाटा हाईवे पर महिलाओं की कार पर हमला : पहले रोड रेज का आरोप, जांच में सामने आई कुछ और ही कहानी
अस्पताल में तनाव का माहौल
राहुल की मौत की खबर फैलते ही टीएमएच में उसके समर्थकों और परिचितों की भीड़ जुट गई। इसी दौरान विवाद से जुड़ी बताई जा रही एक युवती के अस्पताल पहुंचने पर कुछ लोगों ने नाराजगी जताई, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और माहौल को नियंत्रित किया।
बातचीत को लेकर चल रहा था विवाद
राहुल के दोस्तों का दावा है कि घटना के पीछे एक युवती से बातचीत को लेकर विवाद था। बताया जा रहा है कि राहुल की एक युवती से बातचीत होती थी, जिसे लेकर आरोपी साहिल सिंह उर्फ़ सब्बे आपत्ति जताता था। इसी वजह से दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था।
मृतक के दोस्तों के मुताबिक, घटना से करीब दो दिन पहले राहुल को इंस्टाग्राम पर जान से मारने की धमकी भी मिली थी। हालांकि राहुल ने इस धमकी को गंभीरता से नहीं लिया और उसे नजरअंदाज कर दिया।
जांच में यह भी सामने आया है कि करीब छह महीने पहले दोनों पक्षों के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच जारी है।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस, बिष्टुपुर थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराई गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्धों के नाम जांच के दायरे में आए हैं और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी की भूमिका पर आधिकारिक रूप से कुछ कहा जाएगा।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, शामिल आरोपियों की संख्या और हमले की पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़ें – रांची में फिर गूंजी प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी की धमकी, जमीन कारोबारी से मांगे एक करोड़ रुपये