पटना में हॉस्टल में बेहोश मिली NEET छात्रा ने तोड़ा दम, दुष्कर्म और हत्या के आरोप, कारगिल चौक पर प्रदर्शन

Anand Kumar
4 Min Read

परिजन कर रहे CBI जांच की मांग, पुलिस ने यौन उत्पीड़न के आरोप से किया इनकार

NEET

Patna : पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र स्थित शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे शहर में हड़कंप मचा दिया है। जहानाबाद जिले की रहने वाली मेधावी छात्रा 6 जनवरी को हॉस्टल के अपने कमरे में बेहोशी की हालत में मिली थी। हॉस्टल स्टाफ ने उसे तुरंत प्रभात मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से बाद में मेदांता अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

परिजनों ने मौत को दुष्कर्म के बाद हत्या करार दिया है। मृतका के पिता ने बताया कि लड़की के शरीर पर मल्टीपल चोट के निशान, सिर पर चोट और अन्य जगहों पर खरोंच मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हॉस्टल प्रबंधन ने CCTV फुटेज डिलीट कर दिए और कमरे में नींद की गोलियां रखकर मामले को आत्महत्या का रंग देने की कोशिश की। पिता का कहना है, “हॉस्टल वाले मिले हुए हैं। हमसे पैसे लेकर मामले को दबाने की कोशिश की गई। पुलिस भी मिली हुई है।

“मृतका के मामा सुभाष कुमार ने और गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मौत के दौरान हॉस्टल संचालक (या वार्डन) ने पैसे का ऑफर देकर FIR वापस लेने का दबाव बनाया। मामा के अनुसार, “9 जनवरी को FIR दर्ज होने के बाद हॉस्टल की मालकिन आईं और डील करने लगीं। जितने पैसे चाहिए, दे दूंगी, बस कंप्लेंट वापस ले लो।” उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें थाने में बुलाकर छोड़ दिया।

ग्रामीण भारत में रोजगार सृजन की प्रभावी पहल है VB G RAM G : टी वी के रेड्डी

पुलिस का पक्ष

सदर ASP अभिनव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि छात्रा 5 जनवरी को घर से लौटी थी। 6 जनवरी को हॉस्टल में अन्य छात्राओं के साथ खाना खाया और कमरे में चली गई। काफी देर तक न निकलने पर हॉस्टल कर्मियों ने दरवाजा तोड़कर उसे बेहोश हालत में निकाला और अस्पताल पहुंचाया। गायनेकोलॉजिस्ट की जांच में प्राइवेट पार्ट पर कोई चोट या जख्म नहीं मिला। मोबाइल जब्त करने पर पता चला कि छात्रा ने “नींद की गोली के ओवरडोज से मौत” जैसे वीडियो सर्च किए थे। कमरे से नींद की गोलियां भी बरामद हुई हैं।

ASP ने कहा, “आज मेडिकल बोर्ड के तहत वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया गया। अब तक की जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि नहीं हुई है। हर एंगल से जांच चल रही है। संचालक और मैनेजर से पूछताछ हुई, लेकिन अभी गिरफ्तारी के लिए कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला।

“प्रदर्शन और तनाव

मृतका की बॉडी लेकर परिजन और स्थानीय लोग कारगिल चौक पहुंचे, जहां सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। भारी भीड़ जुट गई। गांधी मैदान, कदमकुआं, जक्कनपुर, पीरबहोर समेत पांच थानों की पुलिस बल मौजूद रहा। बैरिकेडिंग की गई और लोगों को शांत करने की कोशिश की गई। परिजनों ने CBI जांच और हॉस्टल संचालक की गिरफ्तारी की मांग की है।मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या या ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है, लेकिन परिजनों के आरोपों से जांच कई मोड़ ले सकती है। इलाके में तनाव बना हुआ है और लोग न्याय की उम्मीद कर रहे हैं।

नये साल में अर्जुन मुंडा की वापसी : क्या झारखंड भाजपा में बदल रहा है राजनीतिक संतुलन?

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *