शीर्षक: झारखंड में मौसम का बदला मिजाज: आंधी-बारिश से गर्मी से राहत, कई जिलों में अलर्ट जारी

Anand Kumar
3 Min Read

Ranchi : झारखंड में भीषण गर्मी से राहत का सिलसिला जारी है और आने वाले पांच दिनों तक यह राहत बनी रहने की संभावना है। प्रदेश भर में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश रुक-रुक कर होती रहेगी। यह बदलाव चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) की वजह से हो रहा है, जिससे लू की स्थिति नहीं बन रही है।

मंगलवार दोपहर के बाद मौसम ने करवट ली और हजारीबाग व कोडरमा में जोरदार बारिश हुई। वहीं गिरिडीह, धनबाद, बोकारो और रांची जैसे जिलों में अगले कुछ घंटों में बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने रांची सहित 20 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें आंधी, बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

2 मई को रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में तेज़ आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, यह बदलाव 5 मई तक जारी रहेगा और कुछ विस्तार के साथ आगे भी रह सकता है। हालांकि, मई के मध्य में तापमान में वृद्धि की आशंका है।

बारिश और बादलों की वजह से राज्य के अधिकतर जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। सिमडेगा में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 33.8 मिमी बारिश हुई। रांची का अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री और जमशेदपुर का 33.6 डिग्री दर्ज किया गया।

बोकारो का तापमान 34.1 डिग्री, हजारीबाग 32.0, लोहरदगा 32.9, गुमला 34.1 और पाकुड़ में 33.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल-मई में आमतौर पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर चला जाता है, लेकिन इस बार सभी जिलों में तापमान सामान्य से नीचे है। उदाहरण के तौर पर, बोकारो में तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री कम, जमशेदपुर में 5.8 डिग्री और रांची में 3.2 डिग्री कम दर्ज किया गया है।

TAGGED:
Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *