उत्तर कोरिया की विश्व युद्ध धमकी, भारत ने जारी की यात्रा चेतावनी; रूस-ईरान नाराज, लैटिन अमेरिका में मतभेद

Caracas/Washington : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार की सुबह बड़ी घोषणा की कि अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में विशेष सैन्य अभियान चलाया है। इस कार्रवाई में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर देश से बाहर ले जाया गया। मादुरो को न्यूयॉर्क ले जाया जा रहा है, जहां उन पर ड्रग तस्करी और आतंकवाद से जुड़े गंभीर आरोपों में मुकदमा चलाया जाएगा। ट्रंप ने इसे पूरी तरह सफल ऑपरेशन बताया और कहा कि अमेरिका अब वेनेजुएला का प्रशासन संभालेगा, जब तक सुरक्षित राजनीतिक बदलाव नहीं हो जाता।
अभियान की जानकारी के मुताबिक, काराकास में सुबह-सुबह जोरदार धमाके हुए। सैन्य अड्डों, हवाई ठिकानों और बंदरगाहों को निशाना बनाया गया। शहर के कई हिस्सों में बिजली गुल हो गई और धुएं के गुबार उठते देखे गए। अमेरिका का दावा है कि उसके कोई सैनिक हताहत नहीं हुए, जबकि वेनेजुएला सरकार ने कई लोगों की मौत की बात कही और इसे अमेरिकी आक्रमण करार दिया।
यह कार्रवाई 2024 के विवादित राष्ट्रपति चुनाव का नतीजा मानी जा रही है। मादुरो ने खुद को विजेता घोषित किया था, लेकिन विपक्षी नेता एडमुंडो गोंजालेज और मारिया कोरिना माचाडो समेत अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने इसे धांधली बताया। अमेरिका ने गोंजालेज को असली विजेता माना। मादुरो पर लंबे समय से आरोप हैं कि वे देश को ड्रग तस्करी का अड्डा बनाए हुए हैं। ट्रंप प्रशासन ने पहले उन पर प्रतिबंध लगाए, तेल टैंकर जब्त किए और ड्रग नावों पर हमले किए थे।

दुनिया भर में प्रतिक्रियाएं, भारत का सतर्क रुख
अमेरिकी कदम के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीखी प्रतिक्रियाएं आई हैं। कुछ लैटिन अमेरिकी देशों ने इसका स्वागत किया, जबकि फ्रांस, ब्राजील, चिली और ब्रिटेन ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया। रूस, ईरान और क्यूबा ने अमेरिका की कड़ी निंदा की।उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने सबसे तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने मादुरो को अपना करीबी मित्र बताते हुए उनकी तुरंत रिहाई की मांग की और चेतावनी दी कि अगर अमेरिका नहीं माना तो यह विश्व युद्ध का कारण बन सकता है। किम ने कहा कि उत्तर कोरिया वेनेजुएला की रक्षा के लिए सैनिक और परमाणु हथियार भेजने को तैयार है। भारत ने सतर्क रुख अपनाते हुए वेनेजुएला जाने वाले नागरिकों को गैर-जरूरी यात्रा टालने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने वहां रह रहे भारतीयों से अत्यधिक सावधानी बरतने, बाहर कम निकलने और दूतावास से संपर्क बनाए रखने को कहा है।
पतरातू में कंस्ट्रक्शन कंपनी के साइट पर फायरिंग, राहुल सिंह गैंग ने ली जिम्मेदारी
वेनेजुएला में क्या होगा?
देश में सत्ता का शून्य पैदा हो गया है। उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज अंतरिम कमान संभाल सकती हैं, लेकिन विपक्ष सत्ता हथियाने की कोशिश में जुट गया है। सत्तारूढ़ पार्टी ने लोगों से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया है। काराकास में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं और हिंसा का खतरा बढ़ गया है।वेनेजुएला लंबे समय से आर्थिक संकट, महंगाई, भुखमरी और बड़े पैमाने पर प्रवास का शिकार रहा है। यह घटना उसके राजनीतिक संकट का नाटकीय मोड़ है, जिसके दूरगामी परिणाम हो सकते हैं।