जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार को दर्दनाक हादसे में टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी 62 वर्षीय संदीप पाल की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह विजया गार्डन की 10वीं मंजिल से नीचे गिर गए। घटना के बाद सोसाइटी परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन गंभीर हालत में संदीप पाल को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान थे संदीप पाल
परिजनों के अनुसार, संदीप पाल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान चल रहे थे। करीब 15 दिन पहले ही वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में छोड़कर जमशेदपुर लौटे थे। बताया गया कि बेटी की पढ़ाई और उसके भविष्य को लेकर वह काफी चिंतित रहते थे।
हालांकि, पुलिस अभी घटना के पीछे की वास्तविक वजह की जांच कर रही है। 10वीं मंजिल से गिरने की परिस्थितियां फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी हैं।
टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ रह चुके थे
संदीप पाल टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ पद पर कार्यरत रह चुके थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपने परिवार के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे। उनकी अचानक मौत की खबर से परिवार, परिचितों और शुभचिंतकों के बीच शोक की लहर है।
बिरसानगर पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही संदीप पाल की मौत की परिस्थितियां पूरी तरह स्पष्ट हो सकेंगी।
यह भी पढ़ें – दारोगा के घर 30 लाख रुपये की चोरी, बेटी को बंधक बनाकर फरार हुए बदमाश