Dhanbad : शहर के झाड़ूडीह स्थित एक अपार्टमेंट में गुरुवार देर रात फायरिंग की सनसनीखेज घटना से अफरा-तफरी मच गई। नशे की हालत में धुत एक युवक ने राजेश झा नामक व्यक्ति पर गोली चला दी, जो उनके कान के पास से निकल गई। गनीमत रही कि गोली जानलेवा साबित नहीं हुई और राजेश झा बाल-बाल बच गए। घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
नशे में हंगामा, फिर अचानक फायरिंग
जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक अपार्टमेंट के नीचे शराब के नशे में हंगामा कर रहा था। इसी दौरान उसने अचानक राजेश झा को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली राजेश झा के कान के पास से छूते हुए निकल गई, जिससे उन्हें हल्की चोट आई।
पहली मंजिल का निवासी है आरोपी
राजेश झा की पत्नी कंचन झा ने बताया कि आरोपी देवेंद्र सिंह, जो उसी अपार्टमेंट की पहली मंजिल पर रहता है, नशे की हालत में उनके पति के पास आया। उसने बंदूक राजेश झा के कान के पास सटाई और गोली चला दी। उस समय कंचन झा पीछे खड़ी थीं और वह भी सुरक्षित बच गईं।
ड्राइवर से मारपीट का विरोध पड़ा भारी
घायल राजेश झा ने बताया कि वह घर में खाना खा रहे थे, तभी नीचे से शोर-शराबे की आवाज सुनाई दी। जब वे नीचे पहुंचे तो देखा कि आरोपी उनके ड्राइवर के साथ मारपीट कर रहा था। विरोध करने पर आरोपी ने गुस्से में आकर बंदूक निकाल ली और उनके कान के पास सटाकर फायरिंग कर दी।
आरोपी फरार, फ्लैट से जिंदा कारतूस बरामद
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने अपार्टमेंट की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया, इस दौरान आरोपी के फ्लैट से जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फायरिंग के पीछे की वजह, आरोपी की भूमिका और यह मामला आपसी विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा है या नहीं—इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है।