15 फरवरी को कोलंबो में होना था हाई-वोल्टेज मुकाबला, पाक सरकार के फैसले से टूर्नामेंट में नया विवाद

नई दिल्ली। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम भारत के खिलाफ आगामी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला नहीं खेलेगी। दोनों देशों के बीच तय कार्यक्रम के अनुसार यह हाई-वोल्टेज मैच 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना था, लेकिन पाकिस्तानी सरकार ने टीम को कुछ शर्तों के साथ टूर्नामेंट में भाग लेने की अनुमति दी है।
सरकारी बयान में कारण नहीं, लेकिन संकेत साफ
पाकिस्तान सरकार की ओर से जारी बयान में इस फैसले का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया है। हालांकि, माना जा रहा है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए भारत के खिलाफ विश्व कप मैच का बहिष्कार करेगा।
ग्रुप-ए में भारत-पाकिस्तान आमने-सामने थे
सलमान अली आगा की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड और अमेरिका के साथ ग्रुप-ए में शामिल है। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को कोलंबो में नीदरलैंड के खिलाफ मुकाबले से करेगा।
बांग्लादेश विवाद से जुड़ा फैसला
इस फैसले की पृष्ठभूमि में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का मामला भी जुड़ा हुआ है। बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपने विश्व कप मैच भारत से बाहर कराने की मांग की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया। इसके बाद बांग्लादेश को मेंस टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह ग्रुप-सी में स्कॉटलैंड को शामिल किया गया।
पाक सरकार का आधिकारिक बयान
पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर कहा गया,“इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ पाकिस्तान की सरकार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हिस्सा लेने की मंजूरी देती है, लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी 2026 को भारत के खिलाफ मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरेगी।”
पीएम से मुलाकात के बाद आया फैसला
इस हफ्ते की शुरुआत में पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी। इसके बाद यह कहा गया था कि पाकिस्तान की भागीदारी पर अंतिम फैसला 30 जनवरी या 2 फरवरी तक लिया जाएगा, लेकिन सरकार ने एक दिन पहले ही अपना निर्णय सुना दिया।