सुबह हुए विवाद के बाद दोपहर में युवक को घर से बुलाकर धारदार हथियार से काटा और गोली मार दी

Anand Kumar
4 Min Read
जांच करते पुलिस अधिकारी।

सरायकेला। जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप शनिवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की निर्मम हत्या कर सनसनी फैला दी। मृतक की पहचान गोपपाड़ा निवासी 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

घात लगाकर बैठे हमलावरों ने किया हमला

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ गोप जैसे ही बोलायडीह शीतला मंदिर के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे चार से पांच हथियारबंद हमलावरों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। आरोप है कि अपराधियों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार किए। हमला इतना बर्बर था कि जगन्नाथ को संभलने तक का मौका नहीं मिला और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

यह भी पढ़ें – रांची में बंद कमरे में मिला मां-बेटे का शव, दो बच्चियां गंभीर, कोयले के चूल्हे के धुएं से दम घुटने की आशंका

सुबह हुआ था विवाद, घर से बुलाकर ले जाने का आरोप

मृतक के भाई सोनू गोप ने हत्या के पीछे सुनियोजित साजिश का आरोप लगाया है। उनके अनुसार शनिवार सुबह जगन्नाथ गोप और गणेश के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ देर बाद प्रेम नायक नामक युवक जगन्नाथ के घर पहुंचा और उन्हें अपने साथ बुलाकर ले गया।

सोनू गोप का आरोप है कि इसके बाद शिवम प्रामाणिक, शिबू, गणेश और उनके अन्य साथियों ने मिलकर जगन्नाथ की हत्या कर दी। परिजनों का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने पहले गोली चलाई और उसके बाद धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

नोट: गोली चलने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

इस हत्याकांड ने एक परिवार को पूरी तरह से उजाड़ दिया। जानकारी के अनुसार, जगन्नाथ गोप की पत्नी पार्वती गोप का करीब डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था। अब जगन्नाथ की मौत के बाद उनके आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पुलिस टीम को फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। सूचना मिलते ही आदित्यपुर और गम्हरिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। नामजद आरोपियों और उनके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें – खूंटी में एक ही रात दो दुकानों पर धावा: ज्वेलरी शॉप से 15 लाख के गहने, वाइन शॉप से नकदी और शराब चोरी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *