चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बड़ा हादसा हो गया। छोटानागरा थाना क्षेत्र के बहदा गांव में रविवार शाम तेज बहाव की चपेट में आकर तीन ग्रामीण बह गए। सोमवार तक दो ग्रामीणों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक महिला अब भी लापता है।
मृतकों की पहचान बोसेन सिद्धू और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। वहीं, बामिया सिद्धू की पत्नी सुनीता सिद्धू का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। हादसे के बाद बहदा गांव में मातम पसरा है।
इस हादसे में ग्रामीण मुंडा रोया सिद्धू ने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया है। परिजनों और ग्रामीणों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अंतिम संस्कार से लौटते समय नदी में बह गए तीनों
जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब छह बजे तीनों ग्रामीण गांव में एक व्यक्ति के अंतिम संस्कार में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कुइली पहाड़ी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया।
नदी का बहाव इतना तेज था कि तीनों ग्रामीण उसकी चपेट में आ गए और पानी के तेज बहाव में बह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने नदी के आसपास तलाश शुरू कर दी। रविवार देर रात खोजबीन के दौरान रोया सिद्धू की मां का शव घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला।
ग्रामीणों ने शव को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सोमवार सुबह मिला दूसरा शव
एक शव बरामद होने के बाद ग्रामीणों ने रातभर नदी के आसपास तलाश जारी रखी। सूचना मिलने पर छोटानागरा थाना प्रभारी गौतम कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
सोमवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त तलाश के दौरान बोसेन सिद्धू का शव भी नदी से बरामद कर लिया गया।
दोनों शव मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है।
सुनीता सिद्धू अब भी लापता
वहीं, सुनीता सिद्धू की तलाश अब भी जारी है। पुलिस और ग्रामीणों ने नदी के किनारे, झाड़ियों और संभावित बहाव वाले क्षेत्रों में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया।
लगातार बारिश के कारण कुइली नदी का जलस्तर अभी भी बढ़ा हुआ है। नदी में तेज बहाव होने के कारण सर्च ऑपरेशन में भी परेशानी आ रही है।
पुलिस और ग्रामीण अब नदी की धारा के साथ-साथ उन इलाकों में भी तलाश कर रहे हैं, जहां पानी के बहाव के साथ सुनीता सिद्धू के पहुंचने की संभावना है।
एक ही हादसे में ग्रामीण मुंडा रोया सिद्धू ने अपने माता-पिता को खो दिया है, जबकि उनकी मां के साथ बहने वाली सुनीता सिद्धू की तलाश अभी जारी है। घटना से पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें – जनगणना कर्मी बनकर घर में घुसे बदमाश, बुजुर्ग महिला को बंधक बनाकर लूटपाट; दांत तोड़ा, बालकनी में बंद कर भागे