बीजेपी के वरिष्ठ नेता आरके सिन्हा का निधन, नोएडा स्थित आवास पर ली अंतिम सांस; 250 रुपये की नौकरी से खड़ा किया SIS ग्रुप

Anand Kumar
2 Min Read

पटना : बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद और SIS ग्रुप के संस्थापक डॉ. रविन्द्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) का निधन हो गया। उन्होंने नोएडा स्थित अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और कारोबारी जगत में शोक की लहर है।

आरके सिन्हा (75) का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए दिल्ली से पटना लाया जाएगा। पटना के पाटलिपुत्र स्थित अन्नपूर्णा भवन में लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकेंगे। हालांकि, अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार का समय अभी घोषित नहीं किया गया है।

250 रुपये की नौकरी से शुरू किया था सफर

22 सितंबर 1951 को बिहार के बक्सर में जन्मे आरके सिन्हा ने अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। वे ‘द सर्चलाइट’ और ‘प्रदीप’ जैसे अखबारों से जुड़े रहे। शुरुआती दिनों में उन्हें महज 250 रुपये महीने वेतन मिलता था। साइकिल से घूमकर रिपोर्टिंग करने वाले सिन्हा ने 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की भी युद्ध संवाददाता के रूप में रिपोर्टिंग की थी।

साल 1974 में उन्होंने पटना से सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विसेज (SIS) ग्रुप की स्थापना की। पूर्व सैनिकों को रोजगार उपलब्ध कराने की सोच के साथ शुरू हुआ यह कारोबार आगे चलकर एक बड़े निजी सुरक्षा सेवा समूह के रूप में विकसित हुआ।

राजनीति में भी रही अहम भूमिका

आरके सिन्हा का राजनीतिक सफर जनसंघ से शुरू हुआ था। वे भाजपा के शुरुआती दौर के नेताओं और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे। वर्ष 2014 में भाजपा ने उन्हें बिहार से राज्यसभा भेजा। वे 2020 तक उच्च सदन के सदस्य रहे।

कारोबार और राजनीति के अलावा वे शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय थे। उनके निधन को बिहार की राजनीति और कारोबारी जगत के लिए एक बड़ी क्षति के रूप में देखा जा रहा है।

यह भी पढ़ें – अनंत सिंह को सुप्रीम कोर्ट का झटका, 1 दिसंबर तक करना होगा सरेंडर; दुलारचंद हत्याकांड में जांच के आदेश

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *