झारखंड की राजधानी रांची में कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने पेट्रोलिंग व्यवस्था की निगरानी को और भी सख्त कर दिया है। इस क्रम में एसएसपी राकेश रंजन ने टाइगर मोबाइल के अधिकारियों एवं जवानों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह स्पष्ट कहा है कि आम नागरिकों की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और साथ ही टाइगर मोबाइल के जवानों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार गश्त करने एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का सख्त निर्देश दे दिया गया है।
पेट्रोलिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अब क्यूआर कोड स्कैन के जरिये टाइगर मोबाइल की गश्त की मॉनिटरिंग की जाएगी, जिससे जवानों को निर्धारित स्थानों पर पहुंचकर क्यूआर कोड स्कैन करना होगा, जिससे पुलिस अधिकारियों को यह जानकारी मिल सकेगी कि जवान अपने निर्धारित क्षेत्र में समय पर पहुंचे हैं या नहीं। इस व्यवस्था के जरिये पेट्रोलिंग की वास्तविक स्थिति की निगरानी भी की जाएगी साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले जवानों की पहचान भी आसानी से हो सकेगी।
एसएसपी रांची ने टाइगर मोबाइल के जवानों को यह निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करते रहें और भीड़भाड़ वाले इलाकों प्रमुख चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को बोला गया है। पुलिस का उद्देश्य अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ शहर में आम लोगों के भी सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत करने का इरादा है।