रांची। सदर थाना क्षेत्र में एक दारोगा के घर से करीब 30 लाख रुपये नकद चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। वारदात के दौरान घर में मौजूद दारोगा की बेटी को अपराधियों द्वारा बंधक बनाए जाने की भी जानकारी सामने आयी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
तीज का सामान लेने बाजार गई थीं घर की महिलाएं
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त घर की महिलाएं तीज की खरीदारी के लिए बाजार गयी हुई थीं। घर में दारोगा की बेटी अकेली थी। इसी दौरान अपराधी घर में दाखिल हुए और युवती को अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी नकदी पर हाथ साफ किया और वहां से फरार हो गए। अपराधियों के जाने के बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गयी।
जमीन खरीदने के लिए रखी थी 30 लाख की रकम
परिजनों के मुताबिक, घर में करीब 30 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। बताया जा रहा है कि यह रकम जमीन खरीदने के लिए जमा की गयी थी।
परिवार के अनुसार, संबंधित दारोगा चार भाइयों में से एक हैं और जमीन खरीदने के उद्देश्य से इतनी बड़ी रकम घर में रखी गयी थी। घर में इतनी बड़ी मात्रा में नकदी होने की जानकारी अपराधियों तक कैसे पहुंची, पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है।
गोड्डा में पदस्थापित हैं दारोगा
बताया गया है कि घर के मालिक दारोगा वर्तमान में गोड्डा जिले में पदस्थापित हैं। घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों ने घर की रेकी की थी या उन्हें पहले से घर में रखी नकदी के बारे में जानकारी थी। आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज और अन्य सुरागों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की छानबीन
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। पुलिस चोरी की घटना के साथ-साथ युवती को बंधक बनाए जाने के दावे की भी जांच कर रही है।
फिलहाल अपराधियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों और घटना के समय वहां मौजूद लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वारदात में कितने अपराधी शामिल थे और उन्हें घर में रखी बड़ी रकम की जानकारी कैसे मिली।
यह भी पढ़ें – धनबाद में नाबालिग लड़की हत्याकांड का खुलासा, प्रेम विवाह से नाराजगी में हत्या का आरोप; 4 गिरफ्तार