
Ramgarh : रामगढ़ जिले के कुज्जू ओपी क्षेत्र में स्थानीय व्यवसायी डब्बू सिंह उर्फ सागर सिंह के आवास पर हुई सनसनीखेज गोलीबारी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में छह कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो पेशेवर शूटर उत्तर प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं। आरोपियों के पास से दो पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस, कई मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गयी है।
SIT के गठन के बाद मिली बड़ी सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर सभी आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह वारदात रंगदारी वसूली से जुड़ी हुई थी। डब्बू सिंह कोयला और बालू कारोबार से जुड़े हैं। गिरोह ने उनसे रंगदारी की मांग की थी, जिसे न मानने पर डराने के मकसद से फायरिंग की गई।
पाकुड़ में रेल हादसे की बड़ी साजिश नाकाम, वनांचल एक्सप्रेस को बनाया जाना था निशाना
5 जनवरी की रात दहशत में डूबा इलाका
घटना 5 जनवरी 2026 की शाम की है। कुज्जू के नया मोड़ इलाके में बाइक सवार अपराधियों ने डब्बू सिंह के घर पर कई राउंड फायरिंग की। गोलियों के निशान घर की खिड़कियों, मुख्य गेट और परिसर में खड़ी गाड़ियों पर पाए गए थे। घटना के वक्त परिवार घर में मौजूद था, हालांकि किसी को शारीरिक नुकसान नहीं हुआ।
फायरिंग के बाद अपराधी फरार हो गए थे, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। शुरुआती जांच के दौरान राहुल दुबे गैंग द्वारा इस वारदात की जिम्मेदारी लेने की बात सामने आई थी। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी इसी गिरोह से जुड़े या इसके लिए काम कर रहे थे।
यूपी से आए थे सुपारी शूटर
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार दो शूटर उत्तर प्रदेश से आए थे। वे रांची में किसी अन्य व्यवसायी की हत्या की सुपारी लेकर पहुंचे थे और इसी दौरान रंगदारी के लिए कुज्जू में फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बरामद हथियारों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।
कारोबारियों में राहत, पुलिस सतर्क
एसपी अजय कुमार ने बताया कि यह सफलता पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी जांच और स्थानीय लोगों के सहयोग का नतीजा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रंगदारी मांगने और दहशत फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस खुलासे के बाद इलाके के कारोबारियों ने राहत की सांस ली है, हालांकि पुलिस ने एहतियातन क्षेत्र में गश्त और सुरक्षा बढ़ा दी है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
जमीन विवाद में हुई थी JLKM नेता तारापदो महतो की हत्या , दो शूटर गिरफ्तार