झारखंड की राजधानी रांची में ट्रैफिक के नियमों का उल्लंघन करने वाले के खिलाफ यातायात पुलिस ने अगस्त महीने में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की, जिसमें महीने के 29 दिनों के दौरान 91,209 वाहनों का चालान काटा गया और नियम तोड़ने वालों से कुल 6.39 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इस कार्रवाई में सबसे अधिक चालान बिना हेलमेट के वाहन चलाने वालों के कटे हैं।
दरअसल यहां के सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करना वाहन चालकों को भारी पड़ रहा है एवं यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार 29 दिनों के भीतर 45,724 वाहन चालकों का बिना हेलमेट के वाहन चलाने पर चालान काटा गया है। यह अगस्त में किए गए कुल चालानों का सबसे बड़ा हिस्सा रहा है। बिना हेलमेट के बाद सबसे अधिक कार्रवाई नो पार्किंग और सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़ा करने के मामलों में हुई है, जिसमें करीब 30,732 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के मामलों में 4,047 चालान काटे गए जबकि रेड लाइट जंप करने पर 3,796 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। इसके अलावा 260 मामलों में अभियोजन के लिए न्यायालय भी भेजा गया है।
रांची यातायात पुलिस ने अगस्त में विभिन्न ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करते हुए बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर 416, नो एंट्री में प्रवेश करने पर 812, रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर 3,311 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर कुल 206 चालान भी काटे हैं। इसी के साथ ट्रिपल राइडिंग, ड्रंकन ड्राइव, प्रेशर हॉर्न, प्रदूषण प्रमाण पत्र नहीं होने, मॉडिफाइड साइलेंसर एवं अन्य नियमों के उल्लंघन के मामलों में भी वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया।