गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी गिरफ्तार, कोलकाता से धनबाद लाई पुलिस, वासेपुर में करायी पैदल परेड

Anand Kumar
4 Min Read

भीड़ से निकले युवक ने बंटी खान को जड़ा तमाचा, मची अफरा-तफरी

धनबाद। वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। सोमवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम उसे धनबाद लेकर पहुंची। बैंक मोड़ थाना पहुंचने पर पुलिस ने बंटी खान की वासेपुर में पुलिस ने पैदल परेड कराई। इसी दौरान अचानक एक युवक भीड़ से निकलकर सामने आया और बंटी खान को तमाचा जड़ दिया। घटना से मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

पुलिस की मौजूदगी में अचानक हुआ हमला

बंटी खान को लेकर पुलिस जब वासेपुर में पैदल आगे बढ़ रही थी, तभी वहां मौजूद लोगों के बीच से एक युवक तेजी से उसके पास पहुंचा और थप्पड़ मार दिया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल स्थिति को संभाला और युवक को बंटी खान से दूर किया।

पुलिस ने बंटी खान को सुरक्षा घेरे में लेते हुए भीड़ को पीछे हटाया, जिससे स्थिति ज्यादा बिगड़ने से बच गयी।

बंटी खान से पुलिस अधिकारियों ने बैंक मोड़ थाना में पूछताछ की। इस दौरान धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब भी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में बंटी खान से कई अहम जानकारियां मिली हैं।

पुलिस को बताए अपराध से जुड़े कई ठिकाने

पुलिस के अनुसार, बंटी खान ने पूछताछ के दौरान कुछ ऐसे ठिकानों की जानकारी दी है, जहां कथित तौर पर अपराध की योजनाएं बनाई जाती थीं और संदिग्ध सामान छिपाया जाता था।

पुलिस का दावा है कि बंटी खान ने स्थानीय स्तर पर सक्रिय कुछ अपराधियों के नाम भी बताए हैं। इनमें झरिया इलाके से जुड़े कुछ ऐसे लोगों के नाम शामिल हैं, जिन पर धमकी और वसूली जैसी गतिविधियों में शामिल होने का शक है।

बंटी खान की निशानदेही पर पुलिस अब संभावित ठिकानों की पहचान कर कार्रवाई कर रही है।

फर्जी पासपोर्ट से विदेश भागने की कोशिश की जांच

पुलिस को कुछ दस्तावेज भी मिले हैं। इनके आधार पर अब यह जांच की जा रही है कि क्या बंटी खान फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि उसके संपर्क किन लोगों से थे और विदेश जाने की कथित कोशिश के पीछे क्या योजना थी।

कोर्ट से अनुमति लेकर रिमांड पर लेगी पुलिस

गिरफ्तारी के बाद पुलिस बंटी खान को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजेगी। इसके बाद कोर्ट से अनुमति लेकर उसे रिमांड पर लिया जाएगा।

पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ से प्रिंस खान से जुड़े नेटवर्क और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है।

फिलहाल पुलिस बंटी खान से मिली जानकारियों के आधार पर संभावित ठिकानों और उसके बताए लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें – हजारीबाग में पुलिस-प्रिंस खान गैंग के बीच मुठभेड़ में एक शूटर जख्मी, कई गिरफ्तार
यह भी पढ़ें – रांची में फिर गूंजी प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी की धमकी, जमीन कारोबारी से मांगे एक करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें – गैंगस्टर प्रिंस खान का वीडियो : वासेपुर में नरसंहार की धमकी, फहीम खान को जान से मारने की चेतावनी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *