SIR पर सवाल उठाने वालों को घेरा, कहा- विपक्ष को नागरिकों से ज्यादा घुसपैठियों की चिंता
रांची। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देशविरोधी ताकतों के ऐसे टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं, जो विदेशों से ऑपरेट होता है। वे रांची में भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
“संविधान की दुहाई देने वाले याद रखें”
नवीन ने कहा कि आज देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग संविधान की दुहाई देते हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि इसकी मर्यादा सबसे ज्यादा कांग्रेस ने ही तोड़ी है। उनके शब्दों में कांग्रेस ने संविधान को अपने परिवार के हिसाब से चलाया। उन्होंने आपातकाल का हवाला दिया और नैतिक मूल्यों के हनन का आरोप भी लगाया।
संवैधानिक संस्थाओं के अपमान का आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया और इसे चिंता का विषय बताया। उन्होंने कहा कि देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिशों से सतर्क रहना होगा, क्योंकि अराजकता के लिए यहां कोई जगह नहीं है।
SIR पर विपक्ष को घेरा
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर सवाल उठाने वालों को निशाने पर लेते हुए नवीन ने कहा कि विपक्ष को नागरिकों के अधिकारों से ज्यादा घुसपैठियों को संरक्षण देने की चिंता है।
मेडिकल परीक्षा और छात्रों के मुद्दे पर भी हमला
पिछली कांग्रेस सरकारों पर उन्होंने आरोप लगाया कि उनके शासनकाल में मेडिकल परीक्षा प्रणाली पर माफिया हावी था। उनका दावा था कि मौजूदा सरकार ने इसे दुरुस्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में छात्र प्रदर्शन कर रहे थे, तब यहां के कांग्रेस नेता एक शब्द नहीं बोले। उन्होंने दिल्ली में बैठकर युवाओं का हितैषी होने का “ढोंग” करने का भी आरोप लगाया।
मोदी पर भरोसे का दावा
नवीन ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता को नरेंद्र मोदी पर भरोसा है और वह उन्हीं के साथ आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी। साथ ही कहा कि दुनिया की आर्थिक रफ्तार डगमगा रही है, पर भारत की रफ्तार बनी हुई है।
यह भी पढ़ें – झारखंड हमारा गढ़, ठान लिया तो कोई नहीं रोक सकता : नितिन नबीन