Jan-Man Team : झारखंड के विभिन्न जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान सड़क हादसों और आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कहीं सड़क दुर्घटना में जान चली गई तो कहीं हथियार के बल पर रंगदारी मांगने वाले अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़े। अलग-अलग जिलों से प्रमुख घटनाओं का संक्षिप्त राउंडअप इस प्रकार है—
बगोदर में सड़क हादसे में छात्रा की मौत, पोस्टमार्टम को लेकर हंगामा

Giridih : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में एक कॉलेज छात्रा की मौत हो गई। पोस्टमॉर्टम में देरी को लेकर शनिवार को बगोदर ट्रामा सेंटर में आक्रोशित परिजनों ने तोड़फोड़ की। मृतका की पहचान अटका यमुनानगर निवासी आशा बाला कुमारी के रूप में हुई है, जो घाघरा साइंस कॉलेज में डिग्री की छात्रा थी। वह कॉलेज से घर लौटने के दौरान सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल छात्रा को बगोदर सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर लाया गया, लेकिन आउटसोर्सिंग कर्मियों की हड़ताल के कारण प्रक्रिया नहीं हो सकी। शनिवार को कई घंटे बातचीत विफल रहने के बाद परिजन उग्र हो गए और अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। बगोदर विधायक नागेंद्र महतो के हस्तक्षेप और प्रशासनिक प्रयास के बाद स्थिति शांत हुई। बाद में अन्य कर्मियों की मदद से पोस्टमॉर्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मंईयां सम्मान योजना : दिसंबर-जनवरी की किश्तें एक साथ, 20 जनवरी तक खातों में आएंगे ₹5000
चतरा में नवविवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया

Chatra : इटखोरी थाना क्षेत्र के जबेर गांव में एक नवविवाहिता का शव उसके घर में सीलिंग फैन से फंदे पर लटका मिला। मायके पक्ष ने मृतका की सास और ननद पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार बताया जा रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजा गया।
थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मायके पक्ष के आवेदन के आधार पर मामले की गहन जांच की जाएगी। घटना के बाद रक्सी और जबेर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
देवघर में हथियार के बल पर रंगदारी: चार अपराधी गिरफ्तार

Deoghar : नगर थाना क्षेत्र के नंदन पहाड़ इलाके में हथियार के बल पर रंगदारी मांगने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी कर पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जबकि आठ विधि विरुद्ध किशोरों को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने मौके से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बताया गया कि आरोपी नंदन पहाड़ निवासी मनोज राम के घर पहुंचकर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को दबोच लिया।
इसे भी पढ़ें – झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा 27 जनवरी को, देखें पूरा कार्यक्रम
तिसरी-गिरिडीह मार्ग पर बड़ा हादसा टला, इलेक्ट्रिक ऑटो पलटी

Giridih : तिसरी थाना क्षेत्र के थम्भाचक स्थित चकलमुंडा मोड़ के पास शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया। दुकान का सामान लेकर जा रही एक इलेक्ट्रिक ऑटो अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब आठ फुट नीचे गड्ढे में गिर गई।
जानकारी के अनुसार, सामने अचानक आए मवेशी को बचाने के प्रयास में चालक ने संतुलन खो दिया। हादसे में चालक सुरक्षित बच गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर चालक को बाहर निकाला और बिखरे सामान को दूसरी गाड़ी में लदवाया।
घटना के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर भीड़ जुट गई। लोगों ने प्रशासन से मवेशियों की आवाजाही पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
धनबाद में बाइक रेस के दौरान भीषण हादसा, आठ युवक घायल

Dhanbad : धनबाद के लुबी सर्कुलर रोड (एलसी रोड) पर देर रात बाइक रेस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार में रेस लगा रहे युवकों की बाइकें आपस में टकरा गईं, जिससे कुल आठ युवक घायल हो गए।
घायलों की पहचान छोटू यादव (18), पप्पू यादव (22), सोनू यादव (20), लव कुमार रवानी (33), राजा तिवारी (16), सौरव यादव (19), शिव शंकर साव (26) और नीरज कुमार (29) के रूप में हुई है।
सभी घायलों को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) लाया गया, जहां चार की हालत गंभीर बताई गई। गंभीर घायलों को रिम्स, रांची रेफर किया गया, हालांकि परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर चले गए।
पुलिस ने हादसे में शामिल दो बाइक जब्त कर ली हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गुमला में कार–ट्रक की आमने-सामने टक्कर, चालक की मौके पर मौत

Gumla : गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना छतरपुर गांव के पास सुबह करीब सात बजे हुई, जहां विपरीत दिशा से आ रही कार और अनाज लदे ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि ट्रक सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे के बाद कार चालक का शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जिससे कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। कार चालक का शव अंंदर फंसा होने के कारण उसे बाहर निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों के प्रयास के बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। वहीं, ट्रक चालक दक्षिणेश्वर बंगाली को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उसने बताया कि वह राशन का चावल लेकर जा रहा था और उसके अनुसार कार चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। हालांकि पुलिस इस दावे की जांच कर रही है। ट्रक चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
गैंगस्टर प्रिंस खान का वीडियो : वासेपुर में नरसंहार की धमकी, फहीम खान को जान से मारने की चेतावनी