Jamshedpur : जमशेदपुर के नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। पार्टी ने जुगसलाई नगर परिषद से कारोबारी गुड्डू सिंह की पत्नी रिंकू सिंह को, जबकि मानगो नगर निगम से भाजपा नेता नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह को समर्थित उम्मीदवार घोषित किया है। यह चुनाव औपचारिक रूप से पार्टी आधार पर नहीं हो रहा है, बावजूद इसके भाजपा ने दोनों प्रत्याशियों को समर्थन देने का फैसला लिया है।
मानगो नगर निगम चुनाव में उस समय नया राजनीतिक संकेत देखने को मिला, जब समर्थित उम्मीदवार की घोषणा के तुरंत बाद भाजपा नेता नीरज सिंह अपनी पत्नी और मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह के साथ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान विधायक सरयू राय ने संध्या सिंह को आशीर्वाद दिया, लड्डू खिलाया और चुनाव में साथ देने का भरोसा जताया।
गौरतलब है कि इससे पहले सरयू राय ने भाजपा से मानगो नगर निगम में जदयू को समर्थन देने की अपील की थी। हालांकि भाजपा द्वारा समर्थित उम्मीदवार के नाम की घोषणा के बाद यह लगभग तय माना जा रहा है कि एनडीए का समर्थन संध्या सिंह को मिल गया है। इसके बावजूद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, क्योंकि मानगो क्षेत्र में कई भाजपा नेताओं ने अपनी-अपनी पत्नियों को चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर रखी है। ऐसे में आने वाले दिनों में पार्टी के भीतर उनके रुख को लेकर राजनीतिक हलचल बनी रह सकती है।
मेयर प्रत्याशी संध्या सिंह ने कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर उनकी प्राथमिकता जनहित के कार्य होंगे। उन्होंने बताया कि पानी, बिजली, सड़क, साफ-सफाई समेत बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करना उनकी कार्ययोजना में शामिल रहेगा। जनता के सहयोग से शहर की सुविधाओं को मजबूत करने पर उनका विशेष जोर होगा।