लोहरदगा। जिले के उदयपुर रोड पर सड़क निर्माण स्थल के पास पुलिस और राहुल सिंह गैंग से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ की सूचना है। बताया जा रहा है कि गैंग से जुड़े कुछ अपराधी निर्माण स्थल पर पहुंचे थे और वहां खड़ी पोकलेन और लोडर में आग लगाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस के पहुंचने पर अपराधियों ने फायरिंग कर दी।
घटना की सूचना लोहरदगा के एसपी सादिक अनवर रिजवी को मिली। इसके बाद गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम ने निर्माण स्थल के आसपास पहुंचकर जांच और घेराबंदी शुरू की।
इसी दौरान अपराधियों की ओर से पुलिस पर फायरिंग किए जाने की बात सामने आई। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में करीब चार राउंड फायरिंग की गई।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद भागे अपराधी
पुलिस की जवाबी कार्रवाई के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके में उनकी तलाश शुरू कर दी है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
घटना के दौरान अपराधियों की ओर से कई राउंड फायरिंग किए जाने की भी सूचना है। हालांकि, फायरिंग की कुल संख्या की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अपराधियों का मकसद निर्माण कार्य को प्रभावित करना और वहां खड़ी मशीनों को नुकसान पहुंचाना था। इससे पहले भी लोहरदगा में सड़क निर्माण कार्य से जुड़ी कंपनियों को राहुल सिंह गैंग के नाम से धमकी दिए जाने की खबरें सामने आई हैं। अगस्त में कुडू-उदयपुर सड़क निर्माण कंपनी को काम बंद करने की धमकी दिए जाने की रिपोर्ट भी सामने आई थी।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
फिलहाल मुठभेड़ में किसी के घायल होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में बिंदल मॉल के पास ताबड़तोड़ 11 राउंड फायरिंग, 4 युवक घायल