कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले में नेपाली दंपती के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। घटना सदर थाना क्षेत्र के भंडरवा स्थित मिटको कॉलोनी की है। मृतका की पहचान नेपाल के मोरंग जिले की रहने वाली रेशमा गजमई के रूप में हुई है, जबकि पुलिस ने उसके पति सुनील गजमई को शव लेकर नेपाल भागने की तैयारी के दौरान पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।
नेपाल ले जाने की तैयारी के दौरान खुला मामला
पुलिस के अनुसार, परिवार महिला के शव को लेकर नेपाल जाने की तैयारी कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने सेक्रेड हार्ट स्कूल के पास उन्हें रोक लिया। आरोपी की मां इसी स्कूल में कार्यरत बताई जाती है।
सात महीने से कर रहा था घरेलू काम
जानकारी के अनुसार, पूरा परिवार स्थानीय व्यवसायी महावीर यादव के यहां पिछले सात महीनों से रहकर घरेलू काम करता था। महावीर यादव ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और दोनों शराब का सेवन करते थे। शनिवार शाम उन्हें महिला की मौत की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें – रांची के गेतलसूद डैम में बड़ा हादसा: रोज आइलैंड घूमने गया बरियातू का युवक डूबा, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पति और बच्चों के बयान में विरोधाभास
आरोपी पति सुनील गजमई ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह पत्नी से विवाद हुआ था। उसका दावा है कि पत्नी ने अत्यधिक शराब पी ली थी और वह घर से बाहर चला गया था। लौटने पर उसने पत्नी को मृत पाया।
हालांकि, बच्चों ने पुलिस को अलग कहानी बताई। बच्चों के अनुसार, झगड़े के दौरान पिता ने मां को धक्का दिया, जिससे वह घर में स्थित कुएं के पास लगे लोहे के घेरे पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। दोनों बयानों में विरोधाभास मिलने के बाद पुलिस हत्या की आशंका को लेकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सिर पर गहरा जख्म, कपड़ों पर नहीं मिला खून
प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर गंभीर चोट मिली है, लेकिन शरीर और कपड़ों पर खून के निशान नहीं पाए गए। इससे पुलिस को साक्ष्य मिटाने की आशंका भी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खून से सने कपड़े कहां गए और शव को देर से निजी क्लीनिक क्यों ले जाया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सदर थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें – खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता, पीएलएफआई का सक्रिय सदस्य रोजदेव साहू गिरफ्तार