कोई पात्र मतदाता SIR में नहीं छूटेगा, कोई अपात्र नहीं जुड़ेगा : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

Anand Kumar
4 Min Read

डिजिटल क्रिएटर्स से बोले सीईओ के. रवि कुमार- SIR की सही जानकारी लोगों तक पहुंचाएं

रांची। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से न कटे और एक भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल क्रिएटर्स से मतदाताओं तक सही और तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाने की अपील की।

शनिवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित “स्टेट लेवल क्रिएटर्स मीट-2026” में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से राज्यभर के डिजिटल क्रिएटर्स ने भाग लिया। पंजीकरण एवं चयन प्रक्रिया के बाद 70 डिजिटल क्रिएटर्स को SIR प्रशिक्षण के लिए सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किया गया।

यह भी पढ़ें – डॉ राजकुमार के पत्र की जांच कराएं मुख्यमंत्री, रिम्स में सरकारी दखल से बिगड़ रही व्यवस्था : सरयू राय

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को आंशिक रूप से भरे हुए इन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां उपलब्ध कराएंगे। मतदाताओं को एक प्रति भरकर बीएलओ को देनी होगी, जबकि दूसरी प्रति पावती के रूप में अपने पास सुरक्षित रखनी होगी। इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने वाले सभी मतदाताओं का नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय किसी भी प्रकार का दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। यदि किसी मतदाता का पूर्व विशेष गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची से मिलान (मैपिंग) नहीं हुआ है, तो बीएलओ के माध्यम से यह प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। जिन मतदाताओं की मैपिंग सफलतापूर्वक हो जाएगी, उन्हें सामान्यतः अतिरिक्त दस्तावेज देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

केवल उन्हीं मामलों में, जहां मैपिंग संभव नहीं होगी, संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा। नोटिस मिलने पर मतदाता आवश्यक दस्तावेज बीएलओ को उपलब्ध कराएंगे, जिसके बाद अंतिम मतदाता सूची में उनका नाम शामिल किया जाएगा।

रवि कुमार ने संविधान के अनुच्छेद-326 का उल्लेख करते हुए कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) इसी उद्देश्य से किया जा रहा है कि हर पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिले और कोई अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।

उन्होंने डिजिटल क्रिएटर्स से आग्रह किया कि वे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मतदाता जागरूकता से जुड़े तथ्यात्मक और रचनात्मक कंटेंट तैयार करें। उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सभी आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर SIR से संबंधित वीडियो और जागरूकता सामग्री उपलब्ध है, जिसका उपयोग डिजिटल क्रिएटर्स अपने दर्शकों तक सही जानकारी पहुंचाने के लिए कर सकते हैं।

कार्यक्रम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, स्टेट ट्रेनिंग नोडल ऑफिसर देवदास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, संजय कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह तथा राज्य के विभिन्न जिलों से आए डिजिटल क्रिएटर्स उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें – पारण परेड में शामिल हुए 340 प्रशिक्षु पुलिसकर्मी, मुख्यमंत्री बोले- जनता की सुरक्षा सर्वोच्च जिम्मेदारी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *