पलामू में JTET परीक्षा की ड्यूटी के दौरान पुलिस महकमे से जुड़ी दो चौंकाने वाली घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर परीक्षा केंद्र जा रही महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की सड़क हादसे में मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर ड्यूटी पर तैनात जवान संजीव तिवारी की सरकारी SLR राइफल घंटों तक गायब रही। बाद में हथियार रिश्तेदार के घर में सोफे के नीचे मिला।
पलामू: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के दौरान पलामू जिले में पुलिस महकमे से जुड़ी दो अलग-अलग घटनाओं ने सबको झकझोर दिया है। पहली घटना में परीक्षा ड्यूटी पर जा रही महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की सड़क हादसे में जान चली गई। वहीं दूसरी घटना में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात एक जवान की सरकारी SLR राइफल गायब होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घंटों की तलाश के बाद राइफल उसी घर में सोफे के नीचे मिली, जहां जवान ठहरा हुआ था।
परीक्षा केंद्र जाने के दौरान महिला जवान की मौत
पहली घटना रविवार सुबह छतरपुर थाना क्षेत्र की है। छतरपुर महिला थाना में तैनात महिला पुलिस जवान बबीता कुमारी की ड्यूटी JTET परीक्षा के लिए सतबरवा इलाके में लगाई गई थी। वह सुबह परीक्षा केंद्र जा रही थीं। इसी दौरान नेशनल हाईवे पर एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में बबीता कुमारी के सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
छतरपुर थाना प्रभारी सौरव चौबे ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। बबीता कुमारी छतरपुर थाना क्षेत्र के बारा गांव की रहने वाली थीं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और परिजन मौके पर पहुंचे। अज्ञात वाहन को पकड़ने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने सड़क जाम कर दिया।
ड्यूटी के दौरान गायब हुई सरकारी SLR, सोफे के नीचे मिली
दूसरी घटना मेदिनीनगर के रेडमा इलाके की है। यहां JTET परीक्षा की ड्यूटी में तैनात पुलिस जवान संजीव तिवारी की सरकारी SLR राइफल गायब हो गई।
संजीव तिवारी बिश्रामपुर थाना क्षेत्र के नवगढ़ा ओपी में तैनात हैं। परीक्षा ड्यूटी के दौरान वह रेडमा स्थित अपने एक रिश्तेदार के घर पर ठहरे हुए थे। जवान के अनुसार, वह सो रहे थे। जब उनकी नींद खुली तो सरकारी SLR राइफल गायब थी।
इसके बाद उन्होंने मेदिनीनगर टाउन थाना को इसकी सूचना दी। शुरुआत में जवान ने अधिकारियों को बताया कि हथियार उनकी गाड़ी में रखा था, जहां से गायब हो गया।
सरकारी हथियार गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और हथियार की तलाश शुरू की। कई घंटे की छानबीन के बाद SLR उसी घर के अंदर सोफे के नीचे से बरामद हुई।
एसपी ने मांगी रिपोर्ट, निलंबन की प्रक्रिया शुरू
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी मंडल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। एसपी के अनुसार, जवान संजीव तिवारी के खिलाफ लापरवाही और भ्रामक जानकारी देने के आरोप में निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है। विभागीय कार्रवाई की भी तैयारी है।
जवान का मेडिकल टेस्ट भी कराया जा रहा है, ताकि घटना के समय उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का पता लगाया जा सके।
एक ही दिन JTET परीक्षा की ड्यूटी के दौरान महिला जवान की दर्दनाक मौत और दूसरे जवान की सरकारी राइफल गायब होने की घटना ने पलामू पुलिस महकमे को चर्चा में ला दिया है। एक घटना ने पुलिस परिवार को गहरे शोक में डाल दिया है, तो दूसरी ने पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी देखें – राहुल दुबे गैंग पर रांची पुलिस का शिकंजा, छह अपराधी गिरफ्तार; चार पिस्टल और कारतूस बरामद