रांची। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा एक्शन लिया है। सरकार के फैसले के दायरे में कुल 45 भर्ती परीक्षाएं आई हैं। इनमें 22 परीक्षाएं पूरी तरह रद्द कर दी गई हैं, जबकि 17 पुरानी परीक्षाओं में संभावित अनियमितता की CID जांच होगी। इसके अलावा 6 परीक्षाओं का काम अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। दो परीक्षाओं को फिलहाल रद्द नहीं किया गया है और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए रखा गया है।
रद्द की गई 22 परीक्षाओं में JPSC की 21 परीक्षाएं और JSSC की वर्ष 2023 की CGL परीक्षा शामिल है। सरकार की इस कार्रवाई से भर्ती परीक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य में एक बार फिर बहस तेज हो गई है।
22 भर्ती परीक्षाएं पूरी तरह रद्द
सरकार की कार्रवाई के तहत JPSC की 21 परीक्षाओं को रद्द किया गया है। इनमें विश्वविद्यालयों में नॉन-टीचिंग पदों की भर्ती, असिस्टेंट डायरेक्टर/सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर, ड्रग इंस्पेक्टर, सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर, पॉलीटेक्निक में लेक्चरर और मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर जैसी भर्तियां शामिल हैं।
इसके अलावा सिविल जज, असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर, असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर और विभिन्न संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षाएं भी रद्द की गई हैं।
इन 19 JPSC परीक्षाओं के साथ JSSC की CGL परीक्षा, विज्ञापन संख्या 10/2023, को भी रद्द कर दिया गया है। इस तरह कुल रद्द परीक्षाओं की संख्या 20 हो गई है।
यह भी पढ़ें – JPSC परीक्षा में गड़बड़ी और घूसखोरी की जांच तेज, CID ने पूर्व PA को किया गिरफ्तार
JPSC की रद्द परीक्षाओं में कौन-कौन सी भर्ती शामिल?
रद्द की गई JPSC परीक्षाओं में प्रमुख रूप से शामिल हैं—
- विश्वविद्यालयों में नॉन-टीचिंग पदों की भर्ती — विज्ञापन 09/2025
- असिस्टेंट डायरेक्टर/सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर (बैकलॉग) — 10/2025
- असिस्टेंट डायरेक्टर/सीनियर साइंटिफिक ऑफिसर (रेगुलर) — 11/2025
- ड्रग इंस्पेक्टर — 12/2025
- सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर (बैकलॉग) — 02/2026
- सरकारी पॉलीटेक्निक/महिला पॉलीटेक्निक में लेक्चरर (बैकलॉग) — 03/2026
- सरकारी पॉलीटेक्निक/महिला पॉलीटेक्निक में लेक्चरर (रेगुलर) — 04/2026
- मेडिकल कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर (सुपर स्पेशलिस्ट) — 07/2026
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) — 22/2023
- असिस्टेंट कंजरवेटर ऑफ फॉरेस्ट — 03/2024
- फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर — 04/2024
- असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (बैकलॉग) — 05/2025
- असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर (रेगुलर) — 06/2025
- झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2025 — 01/2026
- संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा (बैकलॉग)-2025 — 05/2026
- संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा (बैकलॉग)-2023 — 06/2026
- फूड सेफ्टी ऑफिसर — 18/2023
- चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर — 21/2023
- संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2023 — 01/2024
- छठी सीमित डिप्टी कलेक्टर भर्ती — 11/2018
- झारखंड पात्रता परीक्षा-2024 — 08/2025
इसके अलावा JSSC CGL परीक्षा — विज्ञापन संख्या 10/2023 भी रद्द की गई है।
17 पुरानी परीक्षाओं की CID जांच
सरकार ने 17 पुरानी भर्ती परीक्षाओं में संभावित अनियमितताओं की जांच CID को सौंपने का फैसला किया है।
इनमें 5वीं संयुक्त असैनिक सेवा भर्ती, सिविल जज की नियमित और विशेष भर्ती, मृदा संरक्षण पदाधिकारी, कृषि विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर/एसडीएओ, फूड सेफ्टी ऑफिसर, डेंटिस्ट, संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2016 और 2021, संयुक्त असिस्टेंट इंजीनियर समेत कई परीक्षाएं शामिल हैं।
इन परीक्षाओं में संभावित अनियमितताओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ होगा।
6 परीक्षाओं का काम अगले आदेश तक स्थगित
सरकार ने छह परीक्षाओं का काम फिलहाल रोक दिया है। इनमें फूड एनालिस्ट, डिप्टी डायरेक्टर प्रॉसिक्यूशन, प्रोजेक्ट मैनेजर एवं समकक्ष, इंस्पेक्टर ऑफ फैक्टरीज, बॉयलर इंस्पेक्टर और डायरेक्टर की परीक्षाएं शामिल हैं।
इन परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा से जुड़ी एजेंसी के क्रेडेंशियल्स की जांच CID को दी गई है। जांच पूरी होने तक इन परीक्षाओं का काम स्थगित रहेगा।
अधिसूचना के अनुसार, इन परीक्षाओं से जुड़े कुछ कार्य TDPL अथवा अन्य विवादित एजेंसी द्वारा आंशिक रूप से किए गए थे। साथ ही CID जांच को देखते हुए सरकार ने इन परीक्षाओं को फिलहाल रद्द नहीं किया है और इन्हें आगे की कार्रवाई के लिए रखा गया है।
45 परीक्षाओं पर कार्रवाई, अब आगे क्या?
इस पूरी कार्रवाई को आंकड़ों में देखें तो 20 भर्ती परीक्षाएं रद्द, 17 पुरानी परीक्षाएं CID जांच के घेरे में, 6 परीक्षाओं का काम स्थगित और 2 परीक्षाएं फिलहाल रद्द नहीं की गई हैं। इस तरह कुल 45 परीक्षाएं सरकार की कार्रवाई के दायरे में हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि CID की जांच के बाद इन परीक्षाओं को लेकर आगे क्या फैसला होगा और जिन परीक्षाओं को रद्द किया गया है, उनमें शामिल अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर सरकार क्या व्यवस्था करती है।
भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार की इस कार्रवाई के बाद अब JPSC और JSSC की परीक्षा प्रक्रिया, एजेंसियों की भूमिका और भविष्य में होने वाली भर्तियों की व्यवस्था पर भी निगाहें टिकी हैं।
एक नजर में
- 45 भर्ती परीक्षाएं कार्रवाई के दायरे में
- 22 परीक्षाएं पूरी तरह रद्द
- 17 पुरानी परीक्षाओं की CID जांच
- 6 परीक्षाओं का काम अगले आदेश तक स्थगित
- 2023 की JSSC-CGL परीक्षा भी रद्द
- JPSC की 19 परीक्षाएं रद्द
यह भी पढ़ें – JSSC CGL परीक्षा रद्द, छात्र आंदोलन के बीच हेमंत सरकार का बड़ा ऐलान