तूफान और भारी बारिश की आशंका के बीच फैसला; रांची में ऑरेंज अलर्ट, निजी स्कूल पहले से निर्धारित परीक्षाओं पर ले सकेंगे निर्णय
रांची/जमशेदपुर: चक्रवाती तूफान ‘आर्णब’ के कारण भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए झारखंड के रांची और पूर्वी सिंहभूम जिलों में 28 और 29 अक्टूबर 2026 को स्कूलों में पठन-पाठन स्थगित रहेगा। दोनों जिलों में कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। रांची में मौसम विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के मद्देनजर जिला प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
रांची में KG से 12वीं तक के स्कूल बंद
रांची जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर को सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में KG से 12वीं तक पढ़ाई स्थगित रहेगी। यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत जारी किया गया है।
निजी विद्यालय पहले से निर्धारित परीक्षाओं के आयोजन को लेकर अपने स्तर पर निर्णय ले सकते हैं। हालांकि, इसकी जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी या जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय को देनी होगी।
इस दौरान शिक्षकों को विद्यालय में उपस्थित रहकर गैर-शैक्षणिक कार्य करने होंगे। सरकारी शिक्षकों के लिए ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य होगा।
पूर्वी सिंहभूम में भी दो दिन स्कूल बंद
पूर्वी सिंहभूम जिले में भी मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर 28 और 29 अक्टूबर को सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 12वीं तक पठन-पाठन स्थगित रहेगा। जिले में तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
पूर्वी सिंहभूम में निजी विद्यालयों में पहले से निर्धारित परीक्षाओं के आयोजन को लेकर स्कूल प्रबंधन अपने स्तर पर फैसला ले सकेगा।
प्रशासन की लोगों से सतर्क रहने की अपील
दोनों जिलों के प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें – झारखंड कैबिनेट के बड़े फैसले : 25-26 नवंबर को विधानसभा का विशेष सत्र, MGM में 500 बेड के अस्पताल के लिए 545 करोड़