Ranchi : झारखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने लंबी मशक्कत और अंदरूनी मंथन के बाद राज्य के लगभग एक दर्जन नगर निकायों में मेयर और अध्यक्ष पद के लिए अपने समर्थित प्रत्याशियों के नामों पर सहमति बना ली है। हालांकि चुनाव औपचारिक रूप से दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं, इसके बावजूद भाजपा ने रणनीतिक रूप से अपने समर्थन वाले उम्मीदवारों को आगे बढ़ाने का फैसला किया है।
सूत्रों के अनुसार, रांची, हजारीबाग, धनबाद, मानगो, आदित्यपुर और चास नगर निगम के मेयर पद के लिए प्रत्याशियों के नाम तय कर लिए गए हैं। इसके अलावा कई नगर परिषद और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भी नामों पर मुहर लग चुकी है।
रांची में रोशनी खलखो पर भाजपा का भरोसा
रांची नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा ने रोशनी खलखो को समर्थन देने का निर्णय लिया है, हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। रोशनी खलखो रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 19 से पार्षद रह चुकी हैं और नगर निगम क्षेत्र की एकमात्र निर्विरोध पार्षद भी रही हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, रांची मेयर पद के लिए भाजपा के भीतर अशोक बड़ाईक और रामकुमार पाहन समेत कई दावेदार थे, लेकिन नगर निकाय चुनाव को लेकर रोशनी खलखो द्वारा किए गए संघर्ष को प्राथमिकता दी गई। उल्लेखनीय है कि उन्होंने नगर निकाय चुनाव कराने को लेकर Jharkhand High Court में याचिका दायर की थी और लंबे समय तक कानूनी लड़ाई लड़ी थी। इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें बेहतर उम्मीदवार माना गया।
मानगो, जुगसलाई और धनबाद में भी सियासी हलचल
मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा नेता नीरज सिंह की पत्नी संध्या सिंह को भाजपा समर्थित उम्मीदवार घोषित किया गया है। वहीं जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कारोबारी गुड्डू सिंह की पत्नी रिंकू सिंह को समर्थन दिया गया है।
धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए संजीव अग्रवाल को समर्थन देने के फैसले के बाद भाजपा के भीतर असंतोष भी सामने आया है। इस फैसले से नाराज भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे शेखर अग्रवाल ने दुमका में मुख्यमंत्री के समक्ष Jharkhand Mukti Morcha का दामन थाम लिया। अब वे धनबाद मेयर पद के लिए झामुमो समर्थित उम्मीदवार होंगे। इस घटनाक्रम को धनबाद की सियासत में बड़े उलटफेर के तौर पर देखा जा रहा है।
भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की सूची
- रांची नगर निगम मेयर – रोशनी खलखो
- हजारीबाग नगर निगम मेयर – सुदेश चंद्रवंशी
- चास नगर निगम मेयर – अविनाश कुमार
- धनबाद नगर निगम मेयर – संजीव अग्रवाल
- आदित्यपुर नगर निगम मेयर – प्रभाषिणी कलुण्डिया
- मानगो नगर निगम मेयर – संध्या सिंह
नगर परिषद / नगर पंचायत अध्यक्ष पद
- मधुपुर नगर परिषद – नीति कुमारी
- जुगसलाई नगर परिषद – रिंकू सिंह
- चक्रधरपुर नगर परिषद – डॉ. विजय गागराई
- गढ़वा नगर परिषद – कंचन जायसवाल
- दुमका नगर परिषद – अमिता रक्षित
- गोड्डा नगर परिषद – नारायण मंडल
- बुंडू नगर पंचायत – राजेश उरांव
गैर-दलीय चुनाव, लेकिन राजनीतिक मुकाबला तय
भाजपा द्वारा समर्थित प्रत्याशियों की सूची सामने आने के बाद यह साफ हो गया है कि नगर निकाय चुनाव भले ही कागजों में गैर-दलीय हों, लेकिन जमीनी स्तर पर मुकाबला पूरी तरह राजनीतिक होने जा रहा है। आने वाले दिनों में अन्य दलों की ओर से भी अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों की घोषणा से सियासी सरगर्मी और तेज होने की संभावना है।