झारखंड में मंगलवार को अलग-अलग जिलों से हत्या, हादसे और हिंसा की कई बड़ी घटनाएं सामने आईं। देवघर में एक महिला की बेहद नृशंस हत्या ने लोगों को झकझोर दिया, वहीं बोकारो में दामोदर नदी में नहाने गए दो छात्र डूब गए। लातेहार में सड़क हादसे में सीसीएल कर्मी की मौत हो गई, जबकि धनबाद में मोबाइल दुकानदार का शव मिलने से हत्या की आशंका गहरा गई। दूसरी ओर बोकारो में चाकूबाजी की घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घटनाओं के बाद संबंधित जिलों की पुलिस जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है।
देवघर में महिला का सिर कटा शव मिला
देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया। वारदात थाना से महज कुछ दूरी पर स्थित करनिवाद रोड की है, जहां चाय दुकान चलाने वाली माला देवी का शव दुकान के भीतर मिला। शव की हालत देखकर इलाके में दहशत फैल गई। महिला का सिर धड़ से अलग था और आंखें भी क्षतिग्रस्त मिलीं।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। मृतका की बेटी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद से उसके पिता और मामा दोनों गायब हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश तेज कर दी है।
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। देवघर एसडीपीओ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें – पश्चिमी सिंहभूम में पुलिस-नक्सली मुठभेड़, पोड़ाहाट जंगल में फायरिंग के बाद हाई अलर्ट
बोकारो में दामोदर नदी में डूबे दो छात्र, एक का शव बरामद
बोकारो जिले के बरवाघाट में मंगलवार सुबह दामोदर नदी में नहाने गए तीन छात्रों में से दो गहरे पानी में डूब गए। इनमें विष्णु कांत का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि सन्नी नामक छात्र की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार एलएच आजाद नगर के तीन छात्र सन्नी, विष्णु और रवि स्कूटी से नदी घाट पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तीनों घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकले थे। नहाने के दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे गहरे पानी में चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से रवि को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन विष्णु और सन्नी पानी में बह गए। बाद में ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से विष्णु का शव निकाला गया। हरला थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर कैंप कर रही है।
लातेहार में सड़क हादसा, सीसीएल कर्मी की मौत
लातेहार जिले के बालूमाथ-मैक्लुस्कीगंज मुख्य मार्ग पर सोमवार रात हुए सड़क हादसे में सीसीएल कर्मी मुनेश्वर गंझु की मौत हो गई। हादसा रामघाट के पास उस समय हुआ जब उनकी बाइक की टक्कर सामने से आ रही एक अनियंत्रित स्कूटी से हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि मुनेश्वर गंझु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वे सीसीएल रोहिणी कोलियरी, खलारी में कार्यरत थे और ड्यूटी पर जा रहे थे।
घटना में विकास कुमार और मनीष टाना भगत घायल हुए हैं, जिनका इलाज बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
धनबाद में मोबाइल दुकानदार का शव मिलने से सनसनी
धनबाद के सदर थाना क्षेत्र स्थित चीरागोड़ा श्मशान रोड के पास मंगलवार सुबह 42 वर्षीय राजेश चन्द्रवंशी का शव बरामद किया गया। राजेश हीरापुर हटीया मोड़ पर मोबाइल डाउनलोडिंग की दुकान चलाते थे।
परिजनों के अनुसार, वह सोमवार रात दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, लेकिन वापस नहीं पहुंचे। मंगलवार सुबह मैदान में शव मिलने की सूचना पर परिवार मौके पर पहुंचा और पहचान की।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए सूद के पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद का जिक्र किया है। उनका आरोप है कि इसी विवाद में हत्या की गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में जहर खाने से मौत की बात सामने आई है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
बोकारो में चाकूबाजी, दो युवक घायल
बोकारो के सेक्टर 12 थाना क्षेत्र में मंगलवार को चाकूबाजी की घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना 12/D दुर्गा फील्ड के पास हुई।
घायलों ने पुलिस को बताया कि जय और सुजल नामक युवकों ने उन्हें बातचीत के बहाने बुलाया था। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने भुजाली और बांस से हमला कर दिया।
घायल आकाश कुमार और पवन कुमार यादव को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। पुलिस हमले के कारणों की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
यह भी पढ़ें – Fame India Best DM 2026 : फेम इंडिया के सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों की सूची में झारखंड के 6 IAS शामिल, पढ़िये पूरी लिस्ट