रांची/नई दिल्ली: झारखंड में JPSC, JSSC-CGL समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के झारखंड से सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर में मौन प्रदर्शन किया। सांसदों ने इन भर्ती परीक्षाओं की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग उठाई। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू भी प्रदर्शन में शामिल रहे।
इससे पहले बुधवार को भी झारखंड के भाजपा सांसदों ने संसद परिसर स्थित मकर द्वार पर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की थी। सांसदों ने आरोप लगाया था कि JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने इन मामलों की CBI जांच की मांग दोहराई।
यह भी पढ़ें – झारखंड भर्ती परीक्षा घोटाला: भाजपा सांसदों का दिल्ली में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, CBI जांच की मांग
प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कांग्रेस पर छात्रों के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व छात्रों के मुद्दों पर मुखर दिखाई देता है, लेकिन झारखंड में JPSC, JSSC-CGL और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों को लेकर कांग्रेस चुप्पी साधे हुए है।
आदित्य साहू ने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है तो उसे झारखंड सरकार से अपना समर्थन वापस लेकर जवाबदेही तय करने की मांग करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उत्पाद सिपाही भर्ती की दौड़ के दौरान 19 अभ्यर्थियों की मौत हुई थी, लेकिन उस मामले में भी कांग्रेस ने कोई ठोस पहल नहीं की।
भाजपा का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए पूरे मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच आवश्यक है। वहीं, इस मुद्दे को लेकर राज्य में विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है।
यह भी पढ़ें – 14वीं JPSC मामला : CID ने अभ्यर्थियों से मांगी OMR शीट, पूर्व अध्यक्ष ख्यांगते 31 जुलाई को फिर तलब