ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था मृतक, महिला कर्मी समेत सात मजदूर हुए थे घायल; हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस और संबंधित विभाग
सरायकेला। आदित्यपुर: औद्योगिक क्षेत्र स्थित ग्लोरिया इंजीनियरिंग कंपनी में गुरुवार को हुए भीषण सिलेंडर ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसे मजदूर मुरली की इलाज के दौरान टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में मौत हो गई। इस हादसे में महिला कर्मी समेत कुल सात मजदूर घायल हुए थे। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
मृतक मुरली कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। विस्फोट में वह गंभीर रूप से झुलस गया था, जिसके बाद उसे अन्य घायलों के साथ तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) भेजा गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे में घायल सूरज हांसदा, सोनमुनी दास और अनिल यादव का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में चल रहा है। वहीं शैलेंद्र महतो, अंकित कुमार और प्रकाश बोदरा का उपचार स्थानीय संजीवनी नर्सिंग होम में किया जा रहा है। सभी घायलों की हालत पर चिकित्सकों की लगातार नजर बनी हुई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि विस्फोट की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। तकनीकी खराबी, गैस रिसाव या किसी अन्य कारण से धमाका हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन से हादसे से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़ें – खूंटी में ACB की बड़ी कार्रवाई: महिला थाना प्रभारी सपना सुलेखा 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार