‘तुममें हिम्मत नहीं…’ गर्लफ्रेंड के ताने ने चढ़ाया जुनून, दोस्त को अगवा कर जंगल में पीटा; 4 गिरफ्तार

Anand Kumar
4 Min Read

रांची: गर्लफ्रेंड के एक कथित ताने ने युवक को इस कदर उकसाया कि उसने अपनी ‘हिम्मत’ साबित करने के लिए दोस्त के अपहरण की साजिश रच डाली। रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय हर्ष कुमार के अपहरण और जान से मारने की कोशिश के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित आकाश कुमार साहु ने कथित तौर पर गर्लफ्रेंड के सामने अपनी दबंग छवि साबित करने के लिए हर्ष को निशाना बनाया।

जन्मदिन की पार्टी से लौट रहा था हर्ष, रास्ते में कार हुई खराब

पुलिस के मुताबिक, हर्ष सोमवार रात करीब 12:10 बजे अपने दोस्तों अमन मिश्रा और आकर्यकांत वर्मा के साथ आई-20 कार से लालपुर में जन्मदिन की पार्टी से लौट रहा था।

कडरू स्थित घर जाने के दौरान कार्तिक उरांव चौक के पास उनकी कार खराब हो गई। हर्ष और उसके दोस्त कार की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक महिंद्रा XUV-500 वहां पहुंची। उसमें सवार तीन-चार युवकों ने हर्ष को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसके दोस्तों के साथ भी मारपीट की गई।

जंगल में ले जाकर बेरहमी से पीटने का आरोप

आरोप है कि हर्ष को नगड़ी थाना क्षेत्र के एक सुनसान जंगल में ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, हर्ष ने आरोप लगाया कि वहां उसके साथ मारपीट की गई, गले में फंदा लगाकर खींचा गया और सिगरेट से जलाया गया।

आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान हर्ष से झारखंड सरकार के स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर भी कराए गए।

पुलिस ने जंगल से सुरक्षित बरामद किया

घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस ने कई टीमों को सक्रिय किया और संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की। पुलिस ने नगड़ी इलाके के जंगल से हर्ष को सकुशल बरामद कर लिया।

मामले में विनय कुमार साहु, असगर खान, भोला नायक और आकाश कुमार साहु को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल XUV-500, पांच स्मार्टफोन, 6,500 रुपये और हर्ष के हस्ताक्षर वाला स्टांप पेपर बरामद करने की बात कही है।

गर्लफ्रेंड के ताने से आया ‘हिम्मत दिखाने’ का ख्याल

पुलिस की जांच में सामने आया कि आकाश का हर्ष और उसके दोस्त अमन के साथ कुछ महीने पहले विवाद हुआ था। इस दौरान मारपीट भी हुई थी और आकाश को चोट लगी थी।

इसके बाद उसकी गर्लफ्रेंड ने कथित तौर पर उसे ‘तुममें हिम्मत नहीं है’ जैसा ताना दिया। पुलिस के अनुसार, यह बात आकाश के मन में बैठ गई और उसने हर्ष को अगवा कर अपनी कथित दबंगई दिखाने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, आकाश हर्ष का वीडियो बनाकर अपनी गर्लफ्रेंड को दिखाना चाहता था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

मुख्य आरोपित पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस के अनुसार, आकाश कुमार साहु के खिलाफ पहले भी मामला दर्ज हो चुका है। वर्ष 2019 में लोहरदगा थाना में रंगदारी से जुड़े मामले में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 387 के तहत केस दर्ज हुआ था और वह जेल जा चुका है।

इस मामले में अरगोड़ा थाना में हत्या की नीयत से अपहरण समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस बिट्टू और उत्तम नामक दो अन्य संदिग्धों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ें – धनबाद के निरसा में पुलिस मुठभेड़ : निखार सबलोक हत्याकांड का शूटर सागर घायल, 2 गिरफ्तार

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *