झारखंड स्थापना दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी की शुभकामनाएं, बोले- विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा राज्य

Anand Kumar
4 Min Read
झारखंड स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा जयंती पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की तस्वीर।

रांची: झारखंड रविवार को अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा है। 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर देश का 28वां राज्य बने झारखंड के स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति ने जनजातीय विरासत और संस्कृति को किया याद

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झारखंड स्थापना दिवस पर प्रदेश के सभी निवासियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा और सिदो-कान्हू जैसे महानायकों की धरती अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति, जीवंत लोक परंपराओं और प्राकृतिक एवं खनिज संपदा के लिए विशिष्ट पहचान रखती है।

राष्ट्रपति ने कामना की कि झारखंड के परिश्रमी और प्रतिभाशाली निवासी अपनी समृद्ध विरासत को संजोते हुए राज्य को विकास और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उन्होंने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए जनजातीय समुदायों के ऐतिहासिक योगदान और विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।

PM मोदी बोले- झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड के लोगों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए राज्य को जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विविधता और प्राकृतिक संपदा का अनूठा संगम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के घने वन, जलप्रपात और ऐतिहासिक स्थल इसकी पहचान को समृद्ध करते हैं। भगवान बिरसा मुंडा की वीरता और बलिदान की गाथाएं यहां की परंपराओं को निरंतर प्रेरित करती हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि खनिज और ऊर्जा से लेकर हस्तशिल्प और पर्यटन तक झारखंड में विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्हें विश्वास है कि राज्य के मेहनती और प्रतिभाशाली लोगों के संकल्प और सामर्थ्य से झारखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने राज्यवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रधानमंत्री ने उनके अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि धरती आबा का जीवन आने वाली पीढ़ियों को स्वाभिमान, स्वतंत्रता और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भी दी बधाई

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि झारखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और गौरवशाली परंपराओं के साथ विकास के पथ पर आगे बढ़े। उन्होंने राज्य में समृद्धि और खुशहाली के नए आयाम स्थापित होने की कामना की।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें नमन करते हुए राज्यवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी धरती आबा को श्रद्धांजलि दी और जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए उनके संघर्ष को याद किया।

15 नवंबर 2000 को बना था झारखंड

लंबे जनआंदोलन और संघर्ष के बाद 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग होकर झारखंड भारत का 28वां राज्य बना था। राज्य गठन की तारीख भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के दिन तय की गई, ताकि अलग राज्य आंदोलन की ऐतिहासिक विरासत और धरती आबा के संघर्ष को सम्मान दिया जा सके। स्थापना दिवस के साथ ही 15 नवंबर को देशभर में जनजातीय गौरव दिवस भी मनाया जाता है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *