सिनेमा के क्षेत्र में झारखंड की ऐतिहासिक छलांग : SRFTI कोलकाता के साथ MoU साइन, खुलेगा JFTI

Anand Kumar
3 Min Read

रांची: झारखंड के हुनरमंद और क्रिएटिव युवाओं को फिल्म, मीडिया और डिजिटल कंटेंट की दुनिया में विश्वस्तरीय मंच देने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बड़ा ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की गरिमामयी मौजूदगी में झारखण्ड फ़िल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (JFDCL) और देश के शीर्ष संस्थान सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI), कोलकाता के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुआ।

इस समझौते के साथ ही रांची में झारखंड फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (JFTI) की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है, जो शुरुआती चरण में रांची स्थित सूचना भवन से संचालित होगा।

JFTI में शुरू होंगे शॉर्ट टर्म कोर्स, युवाओं को मिलेगा वर्ल्ड क्लास ट्रेनिंग

संस्थान के शुरुआती चरण में विद्यार्थियों को व्यावहारिक (Practical) और तकनीकी ज्ञान देने के लिए अल्पकालिक शॉर्ट कोर्स (Short-duration Certificate Courses) शुरू किए जाएंगे। इसके तहत युवाओं को सिनेमा और डिजिटल मीडिया के हर प्रमुख क्षेत्र में ट्रेनिंग दी जाएगी:

  • तकनीकी पहलू: साउंड डिजाइनिंग, एडिटिंग, एनिमेशन और सिनेमैटोग्राफी।
  • क्रिएटिव पहलू: स्क्रिप्ट व स्क्रीनप्ले राइटिंग, डायरेक्शन और फिल्म प्रोडक्शन।
  • न्यू-एज मीडिया: पारंपरिक फिल्मों के साथ-साथ OTT प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएशन।
JFTI

“जे नाची से बाची… झारखंड प्रतिभाओं का धनी राज्य” — CM हेमन्त सोरेन

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि यह समझौता झारखंड के प्रतिभावान फिल्मकारों और कलाकारों को नई तकनीक, विश्वस्तरीय सुविधाएं और एक नया राष्ट्रीय मंच प्रदान करेगा।

“डॉ. रामदयाल मुंडा जी की पंक्ति ‘जे नाची से बाची’ इस माटी के कण-कण में समाए कलाकार की गवाही देती है। हमारे राज्य में ‘एमएस धोनी’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और ‘दिल बेचारा’ जैसी बड़ी फिल्में बनी हैं। अब JFTI के जरिए हम अपने राज्य के अनछुए हुनर को तराशेंगे ताकि हमारे युवा देश-दुनिया में नाम रोशन कर सकें।”

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य का नाम रोशन करने वाले प्रतिभावान फिल्मकारों को सम्मानित किया:

  • रविराज मुर्मू: संथाली शॉर्ट फिल्म ‘आंगेन’ (Aangen) के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार।
  • बीजू टोप्पो: 3 बार के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता।
  • निरंजन कुजूर: कुडुख फिल्म ‘एडपा काना’ के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्तकर्ता।
  • अनुज कुमार: ‘बिलोंगिंग टू अनटचेबल गॉड’ के लिए इंटरनेशनल अवॉर्ड विजेता।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, SRFTI कोलकाता के कुलपति समीरन दत्ता, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारी व कई विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें – JPSC मुख्य परीक्षा 2025 अगली सूचना तक स्थगित, CID की बड़ी कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद, पांच गिरफ्तार

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *