झारखंड भर्ती परीक्षा घोटाला: भाजपा सांसदों का दिल्ली में कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन, CBI जांच की मांग

Anand Kumar
2 Min Read

नई दिल्ली/रांची: झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। दिल्ली के मकर द्वार के सामने भाजपा के झारखंड से जुड़े सांसदों ने प्रदर्शन कर जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल और उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा से जुड़े मामलों की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग दोहराई।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर मुखर रहती है, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के मामलों पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्पाद सिपाही भर्ती प्रक्रिया के दौरान 19 अभ्यर्थियों की मौत के बावजूद कांग्रेस नेतृत्व ने इस मुद्दे पर कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं दी।

आदित्य साहू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी से झारखंड आकर युवाओं के मुद्दों पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में छात्रों और युवाओं के हितों को लेकर गंभीर है तो उसे झारखंड सरकार से इन मामलों पर जवाब मांगना चाहिए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार के पिछले छह वर्षों के दौरान हुई सभी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की निष्पक्ष जांच केवल CBI ही कर सकती है। उनका कहना था कि राज्य की CID जांच पर जनता का भरोसा नहीं है और पूर्व के मामलों में भी अपेक्षित परिणाम नहीं मिले हैं।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा सांसदों ने कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

इस प्रदर्शन में आदित्य साहू के अलावा निशिकांत दुबे, बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, कालीचरण सिंह, ढुल्लू महतो और मनीष जायसवाल सहित अन्य सांसद मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *