रांची। भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों पर आधारित राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। ‘विश्व पटल पर उभरता भारत : सेवा एवं नेतृत्व के 25 वर्ष’ शीर्षक वाले प्रस्ताव को पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रस्तुत किया। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और सांसद विद्युतवरण महतो ने इसका अनुमोदन किया।
प्रस्ताव में मोदी के नेतृत्व, विकसित भारत-2047, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय गौरव और झारखंड में केंद्र सरकार की विकास योजनाओं की सराहना की गई। वहीं, भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर राज्य को विकास की पटरी से उतारने का आरोप लगाया।
अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष का सार्वजनिक जीवन सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण का प्रतीक है। प्रस्ताव में देवघर एम्स, देवघर हवाई अड्डे, सिंदरी उर्वरक कारखाने के पुनरुद्धार और जनजातीय कल्याण की योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।
रघुवर दास ने उठाई ट्रिपल टेस्ट की मांग
कार्यसमिति के द्वितीय सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पंचायत चुनाव से पहले OBC आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए ट्रिपल टेस्ट कराने की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार से कैबिनेट की बैठक बुलाकर पिछड़ा वर्ग आयोग को तत्काल निर्देश देने और अप्रैल तक पंचायत चुनाव सुनिश्चित करने का आग्रह किया। गिरिडीह उपचुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा इसे गंभीरता से ले रही है।
सोशल मीडिया पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर
तीसरे सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सोशल मीडिया प्रभारी बालमुकुंद सहाय ने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने जिला और मंडल स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। बैठक में विकसित झारखंड, सुशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष का संकल्प भी लिया गया।
यह भी पढ़ें – झारखंड में खनिजों की लूट, नौकरियां बिक रहीं : आदित्य साहू