पब के डांस फ्लोर पर हुआ विवाद, चाकूबाजी में दो युवक घायल, अस्पताल में भी हुआ हंगामा

Anand Kumar
3 Min Read

जमशेदपुर : शनिवार देर रात जमशेदपुर के बिष्टूपुर स्थित डबल डाउन पब एंड बार में मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। डांस फ्लोर पर दो युवतियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो पब से निकलकर सड़क तक पहुंच गया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पब में संगीत और डांस कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों पर दो युवतियों से कथित छेड़छाड़ का आरोप लगा। विरोध के बाद दोनों पक्षों में पहले तीखी बहस हुई, जो कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख पब के सुरक्षा कर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें – शराब घोटाला केस में पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव और बेटे रोहित उरांव को ED का समन

हालांकि, पब से बाहर निकलने के बाद विवाद फिर भड़क गया। आरोप है कि एक पक्ष ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद दोनों गुटों के बीच सड़क पर फिर से हिंसक झड़प हुई। इस दौरान धारदार हथियार का इस्तेमाल किया गया, जिसमें हिमांशु सिंह और प्रत्युष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) पहुंचाया गया।

घटना का असर अस्पताल तक भी देखने को मिला। इलाज के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक एक बार फिर आमने-सामने आ गए और आपातकालीन कक्ष के बाहर मारपीट की स्थिति बन गई। अस्पताल परिसर में हंगामे से मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाया।

बिष्टूपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला युवतियों से कथित छेड़छाड़ के विरोध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल और अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें – JSSC की दोहरी खुशखबरी! उत्पाद सिपाही भर्ती अंतिम चरण में, 326 वेकेंसी का नोटिफिकेशन जारी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *