IND vs AFG: 30 गेंदों में शतक! अभिषेक शर्मा ने रोहित का रिकॉर्ड तोड़ा, धवन और दुबे को भी पछाड़ा

Anand Kumar
4 Min Read

नई दिल्ली: भारत और अफगानिस्तान के बीच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए तीसरे टी20 मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ऐसी तूफानी पारी खेली कि रिकॉर्ड बुक के कई पन्ने बदल गए। अभिषेक ने महज 30 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक जड़कर रोहित शर्मा का लंबे समय से कायम भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया।

अभिषेक ने अपनी विस्फोटक पारी में 34 गेंदों पर 108 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। इससे पहले उन्होंने 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया था। ICC के अनुसार, यह भारत की ओर से टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज शतक है और कुल मिलाकर तीसरा सबसे तेज T20I शतक है।

30 गेंदों में शतक, रोहित शर्मा का रिकॉर्ड टूटा

अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में शतक पूरा करके रोहित शर्मा का 35 गेंदों में शतक लगाने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। रोहित ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया था।

भारत की ओर से सबसे तेज टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में अब अभिषेक सबसे ऊपर हैं। उनके बाद रोहित शर्मा, अभिषेक शर्मा का 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 37 गेंदों में लगाया गया शतक, संजू सैमसन और तिलक वर्मा का नाम आता है।

शिखर धवन को भी पीछे छोड़ा

अभिषेक शर्मा की इस पारी ने उन्हें भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शिखर धवन से आगे पहुंचा दिया।

अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी20 से पहले अभिषेक के नाम 1750 रन थे, जबकि शिखर धवन ने भारत के लिए 1759 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाए थे। अभिषेक ने 10 रन पूरे करते ही धवन को पीछे छोड़ दिया। मैच समाप्त होने के बाद अभिषेक के नाम 1858 रन दर्ज हो गए।

शिवम दुबे का रिकॉर्ड भी टूटा

अभिषेक ने सिर्फ रोहित शर्मा और शिखर धवन का रिकॉर्ड ही नहीं तोड़ा। अफगानिस्तान के खिलाफ एक टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में भी उन्होंने शिवम दुबे को पीछे छोड़ दिया

शिवम दुबे ने अफगानिस्तान के खिलाफ एक टी20 सीरीज में 124 रन बनाए थे। तीसरे मुकाबले से पहले अभिषेक के नाम 121 रन थे। अपनी पारी में तीन रन बनाते ही उन्होंने दुबे का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

पावरप्ले में भी बनाया विश्व रिकॉर्ड

अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले के छह ओवरों में ही 76 रन बना दिए। यह पुरुषों के T20I में किसी बल्लेबाज का पावरप्ले के दौरान सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बना।

इससे पहले यह रिकॉर्ड पुर्तगाल के कुलदीप घोलिया के नाम था, जिन्होंने 2023 में माल्टा के खिलाफ पावरप्ले में 74 रन बनाए थे।

भारत ने पावरप्ले में भी रचा इतिहास

अभिषेक शर्मा की आक्रामक बल्लेबाजी का असर भारतीय टीम के स्कोरिंग रेट पर भी दिखा। अभिषेक और संजू सैमसन ने मिलकर पावरप्ले में 100 रन पूरे किए। ICC के मुताबिक, यह भारत का पुरुष T20I में पावरप्ले के दौरान सबसे बड़ा टीम स्कोर है।

अभिषेक की यह पारी इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ इस सीरीज के पहले मुकाबले में 32 गेंदों पर 82 रन और दूसरे मुकाबले में 19 गेंदों पर 39 रन बनाए थे। यानी तीनों मैचों में उन्होंने भारत को तेज शुरुआत देने में अहम भूमिका निभाई।

यह भी पढ़ें – लंदन में विराट कोहली और एकनाथ शिंदे की मुलाकात, खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने पर जोर

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *