425 दिन बाद जेल से बाहर आएंगे IAS विनय चौबे, सुप्रीम कोर्ट से सशर्त जमानत

Anand Kumar
3 Min Read

रांची : झारखंड के निलंबित आईएएस अधिकारी विनय चौबे को हजारीबाग के चर्चित वनभूमि घोटाला मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। जस्टिस बी.वी. नागरत्ना और जस्टिस उज्ज्वल भुइयां की पीठ ने उन्हें सशर्त जमानत प्रदान की है। इसके साथ ही करीब 425 दिनों से जेल में बंद विनय चौबे की रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद वे आज जेल से बाहर आ सकते हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने जमानत देते हुए स्पष्ट किया है कि विनय चौबे बिना अदालत की अनुमति के देश नहीं छोड़ेंगे, जांच में पूरा सहयोग करेंगे और किसी भी गवाह को प्रभावित करने का प्रयास नहीं करेंगे।

विनय चौबे को पहली बार 20 मई 2025 को झारखंड की नई शराब नीति से जुड़े कथित शराब घोटाले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने गिरफ्तार किया था। उन पर नई आबकारी नीति के जरिए कुछ सिंडिकेट को अनुचित लाभ पहुंचाने और सरकारी खजाने को करीब 38 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है। इस मामले में उन्हें अगस्त 2025 में डिफॉल्ट बेल मिल गई थी।

यह भी पढ़ें – जेपीएससी पीटी परीक्षा में गड़बड़ी : अभ्यर्थी गिरफ्तार, टीडीपीएल दफ्तर से मिलीं ओएमआर शीट, पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते पर भी शिकंजा

इसके बाद उनके खिलाफ हजारीबाग खासमहाल जमीन घोटाला, आय से अधिक संपत्ति और वनभूमि घोटाला समेत कुल चार मामले दर्ज हुए। खासमहाल जमीन घोटाला और आय से अधिक संपत्ति के मामलों में भी उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी थी। हालांकि वनभूमि घोटाले में जमानत नहीं मिलने के कारण वे लगातार जेल में थे।

हजारीबाग के वनभूमि घोटाला मामले में एसीबी ने आरोप लगाया है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर वनभूमि, ट्रस्ट और गैर-मजरूआ जमीन की अवैध रजिस्ट्री और जमाबंदी कराई गई। जांच एजेंसी के अनुसार इस मामले में विनय चौबे के करीबी लोगों के नाम पर भी जमीन की खरीद-बिक्री के साक्ष्य मिले हैं। एसीबी ने फरवरी 2026 में इस मामले में चार्जशीट दाखिल की थी।

इस चर्चित मामले में कुल 73 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इनमें विनय चौबे के अलावा उनके करीबी विनय सिंह, स्निग्धा सिंह, हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद, तत्कालीन अंचलाधिकारी शैलेश कुमार और अन्य लोग शामिल हैं।

झारखंड हाईकोर्ट ने 28 अप्रैल 2026 को उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया, जहां से अब उन्हें राहत मिल गई है। चूंकि अन्य सभी मामलों में उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी है, इसलिए अब केवल जेल से रिहाई की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होना बाकी है।

यह भी पढ़ें – JPSC-JSSC भर्ती घोटाले पर संसद में BJP सांसदों का मौन प्रदर्शन, CBI जांच की मांग

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *