जमशेदपुर : इंडियन एसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट्स, वेनेरियोलॉजिस्ट्स एंड लेप्रोलॉजिस्ट्स (IADVL) झारखंड की जमशेदपुर शाखा की ओर से शनिवार को होटल लेमन ट्री में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के सभी बोर्ड सर्टिफाइड त्वचा रोग विशेषज्ञ मौजूद रहे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण IADVLJharkhand.com वेबसाइट का औपचारिक शुभारंभ रहा।
इस वेबसाइट का उद्देश्य आम लोगों को आईएडीवीएल से पंजीकृत और बोर्ड सर्टिफाइड त्वचा रोग विशेषज्ञों की प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि मरीज सही चिकित्सक का चयन कर सकें और भ्रामक दावों से बच सकें।
यह भी पढ़ें – राष्ट्रीय मंच पर झारखंड का डिजिटल विजन पेश करेंगे हेमंत सोरेन, AI Policy 2026 और रांची IT Park पर रहेगा फोकस
आईएडीवीएल झारखंड के स्टेट सेक्रेटरी डॉ. आर. कुमार ने बताया कि यह वेबसाइट मरीजों के लिए एक भरोसेमंद मंच साबित होगी। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति किसी बोर्ड सर्टिफाइड एवं आईएडीवीएल से पंजीकृत त्वचा रोग विशेषज्ञ की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी स्किन स्पेशलिस्ट से उपचार लेने से पहले मरीज इस वेबसाइट पर संबंधित चिकित्सक का विवरण देखकर उसकी पुष्टि कर सकते हैं।
वहीं डॉ. राजीव ठाकुर ने कहा कि आज के दौर में अधिकांश लोग स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सहारा लेते हैं। ऐसे समय में यह वेबसाइट लोगों को प्रमाणिक और विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति स्वयं को त्वचा रोग विशेषज्ञ बताता है, लेकिन उसका नाम इस वेबसाइट पर दर्ज नहीं है, तो मरीज उसकी योग्यता और पंजीकरण की स्वतंत्र रूप से जांच अवश्य करें।
प्रेस वार्ता में डॉ. दीप अनुराग, डॉ. एस. एन. सिंह, डॉ. राजकिरण, डॉ. बनाश्री मजूमदार, डॉ. ए. जे. भूरी, डॉ. श्रेयांश सिंह, डॉ. राजीव ठाकुर, डॉ. तुलिका आनंद समेत शहर के अन्य बोर्ड सर्टिफाइड त्वचा रोग विशेषज्ञ भी उपस्थित रहे।
विशेषज्ञों ने कहा कि इस पहल से मरीजों को सही चिकित्सक तक पहुंचने में आसानी होगी और अप्रमाणित या फर्जी चिकित्सकों से उपचार कराने के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें – वित्तीय अनुशासन में झारखंड का कमाल: नीति आयोग के Fiscal Health Index 2026 में देश के टॉप-3 ‘Achiever’ राज्यों में शामिल