धनबाद में गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के गुर्गों का एनकाउंटर, दो को लगी गोली, एक की टांग टूटी

Anand Kumar
5 Min Read

Dhanbad : धनबाद कोयलांचल का झरिया इलाका सोमवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने भागाबांध और जोड़ापोखर ओपी ती सीमा पर कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के तीन गुर्गों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो अपराधियों को पैर में गोली लगी है, जबकि भागने के चक्कर में एक अन्य अपराधी का पैर टूट गया है।

रांची होटल फायरिंग मामले से जुड़े हैं तार

मुठभेड़ के बाद पकड़े गये अपराधियों के नाम पलामू निवासी अमन सिंह उर्फ कुबेर, धनबाद निवासी विक्की डोम और अफजल उर्फ अमन हैं। सभी हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस के मुताबिक, तीनों ही अपराधी हाल ही में रांची के एक बड़े होटल में हुई फायरिंग की वारदात में शामिल थे। घटना के बाद से रांची पुलिस लगातार इनके पीछे लगी हुई थी और गुप्त सूचना के आधार पर धनबाद पुलिस के साथ मिलकर इनकी घेराबंदी की गई।

यह भी पढ़ें – वासेपुर में देर रात फायरिंग, फहीम खान और डॉक्टर को प्रिंस खान के धमकी भरे वायरल वीडियो के बाद पुलिस अलर्ट

मुठभेड़ की इनसाइड स्टोरी: पीसीआर पर भी चलाई गोलियां

सोमवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि अपराधी भागाबांध और जोड़ापोखर ओपी के सीमावर्ती इलाके में छिपे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। अपने-आप को को घिरा देख तो अपराधियों ने पुलिस को लक्ष्य कर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों के दुस्साहस का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उनकी फायरिंग में पुलिस का एक पीसीआर वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

  • जवाबी कार्रवाई: अपराधियों की तरफ से हो रही गोलीबारी के जवाब में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमन सिंह उर्फ कुबेर और विक्की डोम के पैर में गोली लगी।
  • भागने की कोशिश हुई नाकाम: तीसरा अपराधी अफजल उर्फ अमन पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन भागने की हड़बड़ाहट में वह गिर गया और उसका पैर टूट गया।

भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के बाद पुलिस ने मौके से कई हथियार, जिंदा बम और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बम मिलने से यह साफ है कि ये गिरोह किसी और बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है।

यह भी पढ़ें – पलामू पुलिस का बड़ा खुलासा : पार्टनर इन क्राइम हैं गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा, शूटर और केस मैनेजमेंट की डील

पलामू कनेक्शन और गिरोह का नेटवर्क

पलामू का रहने वाला अमन सिंह उर्फ कुबेर इस गिरोह का अहम हिस्सा बताया जा रहा है। प्रिंस खान गिरोह के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस अब इन तीनों से पूछताछ कर रही है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि संगठित अपराध और वासेपुर के इस आतंक को खत्म करने के लिए अभियान और तेज किया जाएगा।

पाकिस्तान से गतिविधियां चला रहा है प्रिंस खान

गौरतलब है कि धनबाद के वासेपुर का रहनेवाला और अब देश छोड़कर पाकिस्तान में बैठा गैंगस्टर प्रिंस खान झारखंड पुलिस के लिए सिरदर्द बन गया है। एक समय उसकी आपराधिक गतिविधियां सिर्फ धनबाद के इलाके में थीं, लेकिन अब वह राजधानी रांची, चतरा, हजारीबाग और पलामू के इलाके में भी व्यवसायियों से रंगदारी की मांग कर रहा है और दहशत फैलाने के लिए अपने गुर्गों की मदद से फायरिंग की कई घटनाओं को अंजाम भी दिया है। हाल ही में उसके गुर्गों ने रांची के एक होटल में फायरिंग की थी, जिसमें एक कर्मचारी की मौत हो गयी थी। इसके बाद से रांची पुलिस इन अपराधियों के पीछे लगी थी।

यह भी पढ़ें – गैंगस्टर नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई : पलामू पुलिस ने प्रिंस खान के गुर्गे शाहरुख को हथियार सहित दबोचा, कुवैत कनेक्शन का खुलासा

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *