नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई नहीं रुकी और गिरफ्तार युवाओं को राहत नहीं मिली, तो पार्टी देशभर में दोबारा आंदोलन शुरू करेगी। पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार ने आंदोलन स्थगित कराने के दौरान किए गए आश्वासन का पालन नहीं किया।
सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में CJP प्रवक्ता सौरव दास, नेता आशुतोष रांका और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल मौजूद रहे। सौरव दास ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
यह भी पढ़ें – जंतर-मंतर लाठीचार्ज पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर लाठीचार्ज पर उठाए सवाल
कपिल सिब्बल बोले- कानूनी लड़ाई में साथ रहूंगा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कपिल सिब्बल ने कहा कि उनकी भूमिका पार्टी के कानूनी मामलों में सहायता करने की होगी। उन्होंने संकेत दिया कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामलों में कानूनी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
‘साक्षी’ पोर्टल लॉन्च
CJP ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर “साक्षी (Saakshi)” नाम का ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसके माध्यम से 20 जुलाई के ‘चलो संसद’ मार्च में शामिल छात्र और प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई से जुड़े फोटो, वीडियो और केस से संबंधित जानकारी सुरक्षित तरीके से अपलोड कर सकेंगे।
पार्टी का कहना है कि इन सबूतों के आधार पर कथित पुलिस ज्यादती की जांच कराई जाएगी और जरूरत पड़ने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ शिकायत, एफआईआर तथा अदालत में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार पर समझौता तोड़ने का आरोप
सौरव दास ने आरोप लगाया कि CJP ने देशव्यापी आंदोलन सरकार के इस आश्वासन पर स्थगित किया था कि किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं होगी। लेकिन अब असम, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में छात्रों की गिरफ्तारी और कार्रवाई जारी है। पार्टी ने कहा कि यदि सरकार अपने वादे से पीछे हटती है तो यह लाखों युवाओं के विश्वास के साथ धोखा होगा।
सोनम वांगचुक अस्पताल से डिस्चार्ज
इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने राजघाट पहुंचे। उन्होंने हाल ही में 26 दिन का अनशन समाप्त किया था।
वांगचुक ने कहा कि लद्दाख में पिछले कई वर्षों से गांधीजी के अहिंसक मार्ग को अपनाया जा रहा है और इस आंदोलन ने उनका विश्वास और मजबूत किया है कि आज भी अहिंसा के रास्ते से समाधान संभव है।
यह भी पढ़ें – मोदी का बड़ा ऐलान: पेपर लीक पर और सख्त होगा कानून, परीक्षा सुधार के लिए नंदन नीलेकणी की अध्यक्षता में हाईपावर टास्क फोर्स