टंडवा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप के बाद भड़की भीड़, युवक की पीट-पीटकर हत्या, पिता को खंभे से बांधकर पीटा

Anand Kumar
3 Min Read

चतरा: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव स्थित मगहिया टोला में नाबालिग छात्रा के कथित अपहरण और यौन उत्पीड़न के आरोप के बाद गांव में हिंसा भड़क गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस अब दो अलग-अलग मामलों, नाबालिग से कथित दुष्कर्म और भीड़ द्वारा हत्या, की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय मो. एमरोज पर गांव की छठी कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा के अपहरण और दो दिनों तक बंधक बनाकर कथित दुष्कर्म करने का आरोप है। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार तड़के छात्रा घर लौटी और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। छात्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी ने किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।

यह भी पढ़ें – छात्र आंदोलन पर पहली बार बोले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कहा- ‘छात्रों के हित में जो भी होगा, सरकार वही निर्णय लेगी’

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी के घर पहुंच गए। आरोप है कि युवक वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे हजारीबाग रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के दौरान मृतक के पिता सुल्तान मियां के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए।

गांव में तनाव, पुलिस बल तैनात

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी और पीड़िता का घर आमने-सामने है। घटना के बाद पूरे मगहिया टोला में तनाव का माहौल है। एहतियात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और लगातार गश्त की जा रही है। मृतक के परिजनों ने भीड़ में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुष्कर्म के आरोप और भीड़ हिंसा, दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें – धनबाद में JLKM का प्रदर्शन: जयराम महतो ने JPSC-JSSC विवाद पर सरकार को दी चेतावनी, बोले- मांगें नहीं मानीं तो विधानसभा का घेराव

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *