प्यार का झांसा, फिर ब्लैकमेलिंग : चाईबासा की युवती का अश्लील वीडियो बनाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Anand Kumar
3 Min Read
प्रतीकात्मक इमेज

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक युवती का अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी देने के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी 26 वर्षीय मुकेश सिंह के रूप में हुई है।

तमिलनाडु में नौकरी के दौरान बनी पहचान

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी मुकेश सिंह तमिलनाडु में एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसी कंपनी में पीड़िता भी काम करती थी। कार्यस्थल के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाकर उसका विश्वास जीता और इसी आधार पर संबंध आगे बढ़ाए।

शादी का झांसा देकर बनाया अश्लील वीडियो

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शादी का वादा कर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने चोरी-छिपे युवती का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। कुछ समय बाद आरोपी का व्यवहार पूरी तरह बदल गया। उसने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

आरोपी युवक।

मानसिक दबाव और शोषण

आरोपी लगातार वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पीड़िता पर मानसिक दबाव बनाता रहा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इसी दबाव का इस्तेमाल कर युवती का शोषण किया। जब पीड़िता ने शादी को लेकर गंभीर बातचीत की तो आरोपी ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद वह चाईबासा पहुंचा और युवती को अश्लील वीडियो दिखाकर अपने साथ ले जाने का दबाव बनाने लगा।

शिकायत के बाद त्वरित गिरफ्तारी

आरोपी की धमकियों और शादी से इनकार से परेशान होकर पीड़िता ने चाईबासा मुफस्सिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपी मुकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *