Chaibasa : पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा वन प्रमंडल अंतर्गत टोंटो थाना क्षेत्र और झींकपानी थाना क्षेत्र में हाथियों के आपसी संघर्ष में एक नर हाथी की मौत हो गई। मृत हाथी का शव टोंटो थाना क्षेत्र के सागरकाट्ठा और रोंमारा गांव के बीच जंगल में बरामद किया गया है। घटनास्थल से हाथी का दांत गायब मिलने के बाद वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।
वर्चस्व की लड़ाई में हिंसक झड़प
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, झींकपानी क्षेत्र में सक्रिय हाथियों के झुंड में मंगलवार देर रात दो नर हाथियों के बीच वर्चस्व को लेकर हिंसक संघर्ष हुआ। इस झड़प में एक हाथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया कि संघर्ष के दौरान हाथी का एक दांत टूटकर अलग हो गया था।
जांच के दौरान दांत गायब मिला
बुधवार सुबह जब वन विभाग की जांच टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब हाथी का दांत वहां से गायब पाया गया। इसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। आशंका जताई जा रही है कि या तो किसी स्थानीय व्यक्ति ने दांत उठा लिया है या इसके पीछे किसी अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की भूमिका हो सकती है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी कर रहे कैंप
चाईबासा के वन प्रमंडल पदाधिकारी आदित्य नारायण अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर कैंप कर पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। दांत की बरामदगी के लिए आसपास के इलाकों में ड्रोन और गश्ती दलों के जरिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
रेल ट्रैक पर पहुंचे हाथी, एक घंटे बाधित रहा परिचालन
इधर, झींकपानी के समीप चाईबासा–डांगवापोसी रेलखंड पर हाथियों का एक अन्य झुंड रेल पटरियों पर आ गया, जिससे हावड़ा–मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन करीब एक घंटे तक प्रभावित रहा।
वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम ने मशाल और सायरन की मदद से हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा, जिसके बाद रेल यातायात सामान्य हो सका।
वन विभाग का फोकस
फिलहाल वन विभाग का प्राथमिक लक्ष्य लापता हाथी दांत की बरामदगी, संभावित तस्करी नेटवर्क की पहचान और क्षेत्र में मौजूद हाथियों के झुंड को सुरक्षित वन क्षेत्र में बनाए रखना है।