बोकारो: झारखंड के बोकारो में एक दर्दनाक घटना में साढ़े तीन साल के मासूम साहिल राम की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जाता है कि साहिल अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट मांग रहा था। इसी दौरान मामा ने कथित तौर पर उसे घर में रखी पिस्तौल थमा दी। खेलते समय अचानक गोली चल गई, जो बच्चे के सिर में लगी। गंभीर रूप से घायल साहिल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना के बाद से बच्चे के मामा के फरार होने की बात सामने आई है।
चॉकलेट मांग रहा था मासूम, हाथ में आ गई पिस्तौल
घटना शनिवार को बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र के कर्नल मार्केट स्थित रांची मोहल्ले में हुई। परिजनों के अनुसार, साढ़े तीन साल का साहिल राम अपने मामा राजेश कुमार से चॉकलेट मांग रहा था। आरोप है कि बच्चे को चुप कराने या खिलाने के इरादे से मामा ने उसे पिस्तौल दे दी।
इसी दौरान अचानक गोली चल गई और साहिल के सिर में जा लगी। गोली लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल लेकर पहुंचे।
बोकारो जनरल अस्पताल से मुस्कान अस्पताल किया गया रेफर
परिजन और उसके मामा राजेश कुमार घायल साहिल को पहले बोकारो जनरल अस्पताल ले गए। वहां बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चास स्थित मुस्कान अस्पताल शिफ्ट किया गया। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मासूम की मौत से परिवार में मातम पसरा है। बच्चे की मां शोभा देवी सदमे में हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं थी कि बच्चे के हाथ में दी गई पिस्तौल असली थी।
घटना के बाद मामा फरार, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद माराफारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद साहिल के मामा राजेश कुमार के अस्पताल से फरार होने की बात कही जा रही है।
माराफारी थाना प्रभारी संजय कुमार के अनुसार, पुलिस को बच्चे को गोली लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। मामा के फरार होने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना में पिस्तौल किसकी थी, वह घर में कैसे रखी गई थी और गोली किन परिस्थितियों में चली, इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
यह भी पढ़ें – कोलकाता भगदड़: चोरबागान पंडाल में 19 लोगों की मौत, पूजा कमेटी के 7 पदाधिकारी गिरफ्तार