Jamshedpur : बोड़ाम थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध डिमना लेक में रविवार की शाम पिकनिक मनाने आए युवकों का समूह उस समय दहशत में आ गया, जब डीजे पर डांस को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी हिंसा में बदल गया। अज्ञात युवकों ने चापड़ जैसे धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं।
घटना रविवार शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। अचानक हुई इस हिंसक झड़प से डिमना क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पिकनिक मनाने आए अन्य लोग भी सहम गए।
डीजे पर डांस बना विवाद की वजह
मिली जानकारी के अनुसार, पिकनिक के दौरान सूरज कुमार राय और विश्वजीत दास डीजे पर डांस कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ अन्य युवकों से कहासुनी हो गई। पहले तो मामला हल्की नोकझोंक तक सीमित रहा, लेकिन देखते ही देखते विवाद उग्र हो गया और मारपीट शुरू हो गई।
इसी बीच एक युवक ने अचानक चापड़ निकालकर हमला कर दिया, जिससे सूरज कुमार राय गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में अन्य युवक भी चोटिल हुए।
एमजीएम से टीएमएच रेफर, हालत गंभीर
घटना की सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सूरज कुमार राय की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया।
अन्य घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
एक आरोपी हिरासत में, चापड़ बरामद
पुलिस के अनुसार, हमले में शामिल युवक की पहचान जुगसलाई निवासी नदीम आलम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मौके से चापड़ भी बरामद कर लिया है।
घायलों में—
- सूरज कुमार राय और विश्वजीत दास, निवासी मानगो शंकोसाई रोड नंबर-1
- विश्वजीत कुमार राय, निवासी मानगो कुमरुम बस्ती
शामिल हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश, प्राथमिकी की तैयारी
पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है कि विवाद किन परिस्थितियों में हिंसा में बदला।
लातेहार के महुआडांड़ में भीषण बस हादसा, सात यात्रियों की मौत, 70 से अधिक घायल