बेतिया: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में बुधवार को हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। सुप्रिया सिनेमा रोड स्थित सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में घुसे बदमाश सोने, चांदी और हीरे के आभूषण लूटकर फरार हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक लूटे गए गहनों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये तक हो सकती है, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है।
हथियारों के बल पर कर्मचारियों को बनाया निशाना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब आठ हथियारबंद बदमाश तीन बाइक से पहुंचे और शोरूम में घुस गए। अपराधियों ने हथियार दिखाकर कर्मचारियों को अपने कब्जे में लिया। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई। शोरूम के सुरक्षा गार्ड को भी पिस्टल से चोट पहुंचाने की खबर है। इसके बाद बदमाश बड़ी मात्रा में आभूषण लेकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज के आधार पर जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। शोरूम में मौजूद स्टॉक का मिलान किए जाने के बाद ही लूटे गए आभूषणों की सही मात्रा और कीमत स्पष्ट होगी।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से अंतिम लूट राशि की पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए 30 से 40 करोड़ रुपये का आंकड़ा शुरुआती अनुमान के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें – गिरिडीह यूको बैंक डकैती का खुलासा, पांच करोड़ के सोने और 11.50 लाख नकदी की लूट में तीन गिरफ्तार