रांची। जमशेदपुर के बिंदल मॉल स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी में चार लोगों के घायल होने की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के शीर्ष पदों पर योग्यता के बजाय सत्ता से नजदीकी और राजनीतिक वफादारी को प्राथमिकता दी जा रही है।
मरांडी ने कहा कि “पुलिस नेतृत्व का आधार जब मेरिट नहीं, सेटिंग बनेगा, तो सड़क पर कानून नहीं, डर का राज ही दिखाई देगा।” उन्होंने कहा कि जमशेदपुर की घटना ने एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस के सर्वोच्च पद को सत्ता-कृपा और राजनीतिक वफादारी का पुरस्कार बना दिया गया है। उनके मुताबिक, नीरज सिन्हा के कार्यकाल के बाद रिटायर्ड अधिकारियों को डीजीपी बनाए जाने का सिलसिला शुरू हुआ और अनुराग गुप्ता तथा अब तदाशा मिश्रा जैसे अधिकारियों को डीजीपी बनाए जाने पर भी सवाल उठते रहे हैं। मरांडी ने कहा कि इससे पुलिस महकमे में योग्यता, ईमानदारी और जवाबदेही के बजाय सत्ता के प्रति वफादारी को महत्व मिलने का संदेश जाता है।
अतिरिक्त प्रभार पर भी सवाल
मरांडी ने अधिकारियों को कई-कई महत्वपूर्ण प्रभार दिए जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा कि एडीजी स्तर के अधिकारी मनोज कौशिक के पास रांची जोनल आईजी का प्रभार बनाए रखने और रांची में डीआईजी का पद खाली रखने का प्रशासनिक औचित्य क्या है।
उन्होंने पुलिस मुख्यालय में प्रोविजन और ट्रेनिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे मयूर पटेल को दुमका आईजी का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने पर भी सवाल उठाया। इसके अलावा पंकज कंबोज और नरेंद्र कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार दिए जाने का आधार सार्वजनिक करने की मांग की।
मरांडी ने मयूर पटेल के बोकारो डीआईजी और संजीव कुमार के धनबाद एसएसपी रहने के दौरान कोयला तस्करी को संरक्षण और अवैध कमाई में अधिकारियों की कथित हिस्सेदारी से जुड़ी शिकायतों का भी जिक्र किया। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन आरोपों की स्वतंत्र जांच क्यों नहीं कराई गई और अब तक क्या कार्रवाई हुई।
CID की जांचों में अधिकारियों की भूमिका पर सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने CID में पदस्थ अजय लिंडा और असीम विक्रांत मिंज जैसे आदिवासी समाज से आने वाले वरिष्ठ अधिकारियों की क्षमता का पर्याप्त इस्तेमाल नहीं किए जाने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि JPSC-JSSC सहित CID की महत्वपूर्ण जांचों में उन्हें जिम्मेदारी देने के बजाय बाहर से अधिकारियों को लाकर काम कराने के आरोप लग रहे हैं। मरांडी ने सरकार से जांचवार अधिकारियों की नियुक्ति और कार्य-विभाजन सार्वजनिक करने की मांग की।
उन्होंने राकेश बंसल के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने के बाद चार महीने से अधिक समय तक पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहने का भी मुद्दा उठाया। साथ ही CBI में लंबा अनुभव रखने वाले माइकल राज जैसे अधिकारियों की पुलिस, CID और ACB की महत्वपूर्ण जांचों में भूमिका को लेकर भी सरकार से स्थिति स्पष्ट करने को कहा।
अपराधियों को संरक्षण मिलने का लगाया आरोप
मरांडी ने कहा कि जब पुलिस तंत्र के भीतर ही चोरी, तस्करी, अपराधियों को संरक्षण देने, बालू-कोयला-पत्थर के अवैध कारोबार में मिलीभगत और जमीन कब्जे जैसी शिकायतें सामने आएं और उन पर निष्पक्ष कार्रवाई न हो, तो जनता पुलिस पर कैसे भरोसा करेगी।
उन्होंने कहा कि गोली चलने के बाद अधिकारियों को घटनास्थल पर भेज देना शासन नहीं है। अपराधियों को गिरफ्तार करने के साथ यह भी जांच होनी चाहिए कि उन्हें किसी स्तर से संरक्षण तो नहीं मिल रहा था।
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पुलिस पदस्थापन में राजनीतिक पसंद, चाटुकारिता और निजी वफादारी के बजाय योग्यता, ईमानदारी और जवाबदेही को प्राथमिकता देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि अपराधी तभी बेखौफ होते हैं, जब उन्हें व्यवस्था के भीतर से भरोसा मिलता है। अगर पुलिस की कुर्सियां योग्यता से नहीं, वफादारी और सेटिंग से बांटी जाएंगी, तो सड़क पर कानून नहीं, भय चलेगा।
मरांडी ने कहा कि झारखंड की पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए है, सत्ता या उसके करीबी लोगों के हित साधने के लिए नहीं। उन्होंने सरकार से पुलिस व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।
यह भी पढ़ें – कांग्रेस के आरोपों पर आदित्य साहू का पलटवार, बोले- चुनाव आयोग के बयान से विपक्ष का दावा बेनकाब