चलती ट्रेन से लड़की को फेंका: आरा में मोबाइल लूट का विरोध करना पड़ा भारी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

Anand Kumar
2 Min Read

Arrah : बिहार के आरा-सासाराम रेलखंड पर रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां चलती ट्रेन में सफर कर रही 20 वर्षीय युवती को मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान बदमाशों ने धक्का देकर ट्रेन से नीचे फेंक दिया। पीड़िता ट्रैक पर करीब 20 मिनट तक घायल अवस्था में पड़ी रही, जिसके बाद डायल 112 की मदद से उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।


मोबाइल लूट का विरोध किया, तो चलती ट्रेन से धक्का

घटना पीरो थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी कामेश्वर सिंह की बेटी तनु कुमारी के साथ हुई, जो अपने चेहरे की होम्योपैथी दवा लेने आरा जा रही थी। पीरो स्टेशन से सासाराम-पटना पैसेंजर ट्रेन पकड़ी थी। जब ट्रेन आरा स्टेशन के पास पश्चिमी ओवरब्रिज के करीब पहुंची, तभी दो बदमाशों ने मोबाइल छीनने की कोशिश की। तनु ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसे ट्रेन से धक्का दे दिया, और दूसरा उसका मोबाइल लेकर भाग निकला।


20 मिनट तक रेलवे ट्रैक पर पड़ी रही युवती

गंभीर रूप से घायल तनु को सिर, सीने और पीठ में चोट आई है। वह करीब 20 मिनट तक ट्रैक पर पड़ी रही। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया।


अधिकारियों ने की जांच, CCTV खंगालने की कवायद

घटना की सूचना मिलते ही रेल SP अमृतेंदु शेखर ठाकुर, एडिशनल SP प्रशांत कुमार और असिस्टेंट कमांडेंट अली हसन अस्पताल पहुंचे और पीड़िता से बातचीत कर पूरी जानकारी ली। रेलवे पुलिस ने बताया कि CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और बदमाशों की पहचान के लिए छानबीन जारी है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *