आदित्यपुर से रूंगटा पार्क जाने निकलीं थीं 4 सहेलियां, 3 रहस्यमय ढंग से हईं लापता, फिर क्या हुआ?

Anand Kumar
3 Min Read

सरायकेला/आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित बास्कोनगर से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई तीन नाबालिग बच्चियों को पुलिस ने पश्चिमी सिंहभूम जिले से सकुशल बरामद कर लिया है। तीनों के सुरक्षित मिलने के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। गुरुवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने बच्चियों को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया।

जानकारी के अनुसार, 13 जुलाई को चार सहेलियां घर से रूंगटा पार्क घूमने जाने की बात कहकर निकली थीं। इसके बाद उनका परिवार से संपर्क पूरी तरह टूट गया। कई घंटे बीतने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

मंगलवार को चार में से एक बच्ची सुरक्षित अपने घर लौट आई, लेकिन बाकी तीन नाबालिगों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। उनके पास मोबाइल फोन भी नहीं था, जिससे पुलिस के सामने उनकी लोकेशन का पता लगाना बड़ी चुनौती बन गया।

यह भी पढ़ें – रांची-लातेहार रोड पर मिनी ट्रक और बाइक की टक्कर, दो युवकों की दर्दनाक मौत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वार्गियारी के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने परिजनों के साथ लगातार समन्वय बनाकर तकनीकी संसाधनों और मानवीय सूचनाओं के आधार पर कई संभावित स्थानों पर जांच और छापेमारी की।

लगातार चलाए गए सघन खोज अभियान के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चियों को सकुशल बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने गुरुवार को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों बच्चियों को उनके परिजनों के हवाले कर दिया। बच्चियों के सुरक्षित लौटने से परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस की तत्परता की सराहना की।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि बच्चियां किन परिस्थितियों में घर से दूर पहुंचीं और इस दौरान उनके साथ क्या-क्या हुआ।

यह भी पढ़ें – जामताड़ा में सनसनी: पुल के पास नदी किनारे मिला युवक का शव, हत्या की आशंका

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *