Giridih : गिरिडीह जिले में दो आदिवासी नाबालिग लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई है। मामला पीरटांड प्रखंड अंतर्गत एक गांव का बताया जा रहा है। घटना रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात, आधी रात के बाद की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में जतरा मेला लगा हुआ था। दोनों नाबालिग लड़कियां गांव के कुछ परिचितों के साथ मेला देखने गई थीं। देर रात मेला परिसर में अफरा-तफरी के दौरान साथ आए लोग बिछड़ गए। इसके बाद दोनों लड़कियां अपने ही परिचित युवक के साथ घर लौटने लगीं।
इसी दौरान छह से सात युवकों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों लड़कियों के साथ मौजूद युवक की पिटाई कर उसे भगा दिया और इसके बाद दोनों नाबालिगों को पास के खेत की ओर ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया।
सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस
घटना की जानकारी सोमवार को हरलाडीह ओपी पुलिस को मिली, जिसके बाद मामले से जिला पुलिस कप्तान डॉ बिमल कुमार को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही एसपी ने डुमरी एसडीपीओ सुमित कुमार को तत्काल हरलाडीह भेजा। मौके पर महिला पुलिसकर्मियों को भी बुलाया गया।
महिला पुलिसकर्मियों ने पीड़ित दोनों बच्चियों से पूरी घटना की जानकारी ली और रिपोर्ट एसडीपीओ को सौंपी। इसके साथ ही उस युवक से भी पूछताछ की गई, जिसकी आरोपियों ने पिटाई की थी।
एसडीपीओ का बयान
एसडीपीओ सुमित कुमार ने कहा,
“जतरा मेला घूमने आई दो नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म किए जाने की शिकायत मिली है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।”
घटनास्थल का निरीक्षण, मेडिकल जांच की तैयारी
एसडीपीओ ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। पीड़िताओं के परिजनों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली गई। वहीं, आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमों को लगाया गया है। पीड़ित नाबालिगों की चिकित्सीय जांच के लिए आवश्यक तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
रांची वीमेंस कॉलेज की पीजी छात्रा का अपहरण, पिता ने दर्ज कराई प्राथमिकी