रांची। सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी की शिकायत पर पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। किशोरी ने विधायक पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विधायक भूषण बाड़ा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा और मनगढ़ंत बताते हुए इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश करार दिया है।
धुर्वा थाना पहुंची पीड़िता, पुलिस ने दर्ज किया मामला
शुक्रवार को पीड़िता अपनी शिकायत लेकर रांची के धुर्वा थाना पहुंची थी। इससे पहले उसने झारखंड सरना विकास समिति के प्रतिनिधियों के सामने भी अपनी बात रखी थी। समिति के केंद्रीय अध्यक्ष मेघा उरांव, बबलू मुंडा और सन्नी टोप्पो समेत कई आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता थाने पहुंचे। सूचना पर हटिया के डीएसपी नीरज कुमार भी वहां पहुंचे थे।
डीएसपी ने पत्रकारों को बताया था कि एक नाबालिग लड़की ने आवेदन देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप सिमडेगा के विधायक भूषण बाड़ा पर है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया था। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, किशोरी के माता-पिता नहीं हैं।
पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का भरोसा देकर आवास ले जाने का आरोप
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, मई 2026 में दो महिलाएं किशोरी को पढ़ाई और स्कूल में दाखिले का भरोसा देकर सिमडेगा स्थित विधायक आवास ले गई थीं। बाद में उसे रांची के विधायक आवास में लाया गया, जहां उससे घरेलू काम कराया जाता था।
किशोरी का आरोप है कि दोनों आवासों में उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी तथा उसे भरपेट खाना भी नहीं दिया जाता था। शिकायत के मुताबिक, विरोध करने पर उसे यह कहकर डराया जाता था कि उसका कोई सहारा नहीं है।
5 अगस्त की घटना को लेकर गंभीर आरोप
आवेदन में किशोरी ने आरोप लगाया है कि 5 अगस्त 2026 को दोपहर में रांची स्थित विधायक आवास संख्या 12 में उसके साथ जबरदस्ती की गई। पीड़िता का कहना है कि अगली सुबह वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने गांव पहुंची।
पीड़िता ने विधायक के साथ-साथ उन दो महिलाओं की भूमिका की भी जांच करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, जिन पर उसे विधायक आवास तक पहुंचाने में सहयोग करने का आरोप है। शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की सत्यता पुलिस जांच का विषय है।
विधायक भूषण बाड़ा ने आरोपों को बताया साजिश
अपने ऊपर लगे आरोपों पर कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा ने उन्हें पूरी तरह झूठा और मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा कि कुछ विरोधी लोग उनकी छवि धूमिल करने के लिए षड्यंत्र कर रहे हैं।
विधायक ने कहा, “जो आरोप है, वो झूठा आरोप है। ये मनगढ़ंत है। हमारी छवि को धूमिल करने के लिए कुछ विरोधी लोगों द्वारा यह षड्यंत्र किया जा रहा है। मुझे बदनाम करने के लिए यह सब किया जा रहा है।”
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उनके संगठन से निष्कासित कुछ लोग और असामाजिक तत्व इस मामले में शामिल हैं। विधायक ने कहा कि किसी भी बच्ची के साथ कुछ गलत नहीं हुआ है। उनके मुताबिक, बच्ची खुद आरोप नहीं लगा रही है, बल्कि उसे गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने अपने राजनीतिक और सामाजिक कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ लोगों को उनके साथ बढ़ते जनसमर्थन से परेशानी है।
विधायक का कहना है कि वह दूसरी बार विधायक बने हैं और उनके अनुसार, पहले कभी ऐसी घटना नहीं हुई। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीतिक और व्यक्तिगत छवि खराब करने की कोशिश बताया है।
पुलिस जांच पर टिकी नजर
मामले में एक ओर नाबालिग की शिकायत और उसके आधार पर दर्ज पॉक्सो केस है, वहीं दूसरी ओर विधायक ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए साजिश बताया है। अब पुलिस जांच में शिकायत में लगाए गए आरोपों, संबंधित लोगों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल अहम होगी। जांच के निष्कर्ष और पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले की आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
यह भी पढ़ें: रांची के तमाड़ में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी फरार; POCSO में केस